Does onion protect from heat: गर्मी भीषण पड़ रही है. लोग लू, डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए तरह-तरह के घरेलू उपाय अपना रहे हैं. खूब तरल पदार्थ का सेवन कर रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गर्मी से बचाव के लिए प्याज को अपनी जेब में रख कर चलते हैं? जी हां, उन्होंने शिवपुरी (मध्य प्रदेश) में हुई एक जनसभा में खुद ही जनता को अपनी जेब से प्याज निकाल कर दिखाया और कहा कि मैं गर्मी से बचाव के लिए ये देसी उपाय है. हालांकि, उनके इस बयान पर काफी लोग मुस्कुराए और कुछ हैरान भी हुए. हालांकि, इसके बाद से ही ये चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या वाकई जेब में प्याज रखने से शरीर का तापमान कंट्रोल में रहता है? बॉडी कूल होती है और ये भीषण गर्मी के कारण लू से बचाव के लिए बेस्ट देसी उपाय है? चलिए जानते हैं यहां…
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने बयान में कहा, ‘मैं अपनी जेब में प्याज रखता हूं, इससे मेरे शरीर का तापमान कंट्रोल में रहता है. 50 डिग्री की भीषण गर्मी में प्याज को जेब में रखने से शरीर को ठंडक मिलती है. साथ ही कोई परेशानी भी नहीं होती है.’
क्या प्याज को जेब में रखने से गर्मी से होता है बचाव?
एनडीटीवी फूड में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, प्याज खाना सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होता है. इसमें मौजूद कम्पाउंड क्वेरसेटिन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं. गर्मी में एलर्जी, सांस से संबंधित समस्याओं से बचाता है. साथ ही शरीर के तामपान को कंट्रोल भी रखता है. दरअसल, प्याज की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इसके सेवन शरीर को ठंडक मिलती है. आप लू से भी बचे रह सकते हैं. शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मददगार है.
कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं
जेब में प्याज रखने से आपका शरीर ठंडा रहता है, लू नहीं लगती है, इस बात का कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है और ना ही एक्सपर्ट ये बात कहते हैं. दरअसल, यह एक मिथ या लोक-मान्यता है, न कि कोई रिसर्च-बेस्ड तथ्य है. एक्सपर्ट के अनुसार, जब आप जेब में प्याज रखते हैं तो इससे शरीर के तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ता है. डायटीशियन के अनुसार, यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध नहीं है. इसे लोग घरेलू नुस्खे की तरह मानकर फॉलो करते हैं. पुराने जमाने के लोग माना करते थे कि प्याज गर्मी सोख लेता है, लेकिन इस दावे का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं मिला. कहने का मतलब ये है कि जेब में प्याज रखने से न तो शरीर का तापमान कम होता है, न ही हीट स्ट्रोक से बचाता है.
क्या प्याज सच में शरीर को ठंडा करता है?
प्याज शरीर को ठंडा करता है, लेकिन जब आप इसे खाते हैं, ना कि जेब में रखने से बॉडी ठंडी होती है. प्याज में पानी, इलेक्ट्रोलाइट (पोटैशियम, सोडियम) और कुछ एंटीऑक्सिडेंट होते हैं. इसके सेवन से शरीर हाइड्रेट रहता है. पसीना आने की प्रक्रिया बेहतर हो सकती है. ऐसे में गर्मियों में कच्चा प्याज खाना फायदेमंद माना जाता है, पर यह भी हीट स्ट्रोक से 100% सुरक्षा नहीं देता.
गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के वैज्ञानिक तरीके
पर्याप्त पानी पिएं.
नारियल पानी, ORS का घोल, छाछ लें.
खीरा, तरबूज जैसे पानी से भरपूर चीजें खाएं.
धूप में कम निकलें, बहुत जरूरत हो तो ही बाहर जाएं.
ढीले, हल्के कपड़े पहनें.





