बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए छिटपुट घटनाओं के साथ मतदान संपन्न
शाम 4 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 फीसदी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 फीसदी मतदान
तेजस्वी यादव ने प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान कमोबेश शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। हालांकि, मतदान के बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए की हार तय है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कम मतदान
शुक्रवार को दिन भर की हलचल के बीच शाम 4 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 फीसदी, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक कतार में खड़े मतदाताओं को वोट डालने का मौका दिया जाएगा। ऐसे में मतदान प्रतिशत में बदलाव की संभावना है।




