दिल्ली से अंडमान निकोबार जाने में कितना खर्च आएगा, यहां देख सकेंगे देश का एकमात्र एक्टिव ज्वालमुखी


Travel Budget for Andaman Island: गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए अधिकतर लोग समंदर और पहाड़ों पर जाना पसंद करते हैं. समंदर की लहरों का आनंद लेने के लिए तमाम लोग गोवा का रुख करते हैं. अगर आप इस गर्मी किसी ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, जहां समुद्र, एडवेंचर और प्रकृति का अनोखा संगम देखने को मिले, तो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि यहां स्थित बैरन आईलैंड (Barren Island) भारत का एकमात्र एक्टिव ज्वालामुखी है, जिसे देखने के लिए दुनियाभर से पर्यटक आते हैं. यह ज्वालामुखी अंडमान सागर में स्थित है.

दिल्ली से अंडमान कैसे पहुंचें?

दिल्ली से अंडमान जाने का सबसे आसान तरीका फ्लाइट है. पोर्ट ब्लेयर अंडमान की राजधानी है और यहीं का वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुख्य एंट्री पॉइंट माना जाता है. दिल्ली से पोर्ट ब्लेयर के लिए डायरेक्ट और वन-स्टॉप फ्लाइट्स उपलब्ध रहती हैं. यात्रा में लगभग 5 से 8 घंटे का समय लग सकता है, जो फ्लाइट और स्टॉपेज पर निर्भर करता है.

अंडमान जाने में कितना खर्च आएगा?

अगर आप बजट ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो दिल्ली से अंडमान की 5 से 6 दिन की यात्रा लगभग 25 से 35 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक पड़ सकती है. इसमें फ्लाइट, होटल, लोकल ट्रांसपोर्ट और बेसिक एक्टिविटीज शामिल होती हैं. वहीं मिड-रेंज ट्रिप का खर्च 40,000 से 55,000 रुपये तक जा सकता है. सिर्फ दिल्ली से पोर्ट ब्लेयर की राउंड ट्रिप फ्लाइट का खर्च सामान्यतः 12,000 से 22,000 रुपये के बीच हो सकता है, जो सीजन और बुकिंग टाइम पर निर्भर करता है.

यहां है इकलौता एक्टिव ज्वालामुखी

बैरन आईलैंड भारत का एकमात्र एक्टिव ज्वालामुखी माना जाता है. यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 135 से 140 किलोमीटर दूर स्थित है. यह द्वीप निर्जन है यानी यहां कोई स्थायी आबादी नहीं रहती. ज्वालामुखी के आसपास लावा, धुएं और समुद्र का अनोखा दृश्य देखने को मिलता है. कई बार यहां हल्की ज्वालामुखीय गतिविधियां भी रिकॉर्ड की गई हैं.

बैरन आइलैंड कैसे जा सकते हैं?

बैरन आइलैंड तक पहुंचने के लिए सीधे कोई सड़क या सामान्य फेरी सेवा नहीं है. यहां केवल चार्टर्ड बोट, क्रूज या विशेष टूर के जरिए जाया जा सकता है. ज्यादातर टूर पोर्ट ब्लेयर या हैवलॉक आईलैंड से शुरू होते हैं. यात्रा में लगभग 4 से 5 घंटे लग सकते हैं. सुरक्षा कारणों से पर्यटकों को द्वीप पर उतरने की अनुमति नहीं है और ज्वालामुखी को नाव या क्रूज से दूर से देखा जाता है.

बैरन आइलैंड ट्रिप का खर्च कितना है?

अगर आप बैरन आइलैंड देखने का प्लान बना रहे हैं, तो इसका खर्च सामान्य अंडमान ट्रिप से थोड़ा ज्यादा हो सकता है. साझा ग्रुप ट्रिप्स की कीमत लगभग 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है, जबकि प्राइवेट चार्टर बोट का खर्च 1.25 लाख से 2.5 लाख रुपये तक जा सकता है. कुछ नई क्रूज सेवाओं में टिकट 8,000 से 10,000 रुपये प्रति व्यक्ति तक भी बताए जा रहे हैं. यह कीमत सुविधा और टूर पैकेज पर निर्भर करती है.

घूमने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अंडमान जाने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मई के बीच माना जाता है. बैरन आइलैंड की यात्रा मौसम पर काफी निर्भर करती है, इसलिए पहले से बुकिंग और परमिट की जानकारी लेना जरूरी होता है. साथ ही समुद्री यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना भी बेहद जरूरी है. अगर आप एडवेंचर और प्रकृति प्रेमी हैं, तो यह ट्रिप आपके लिए जिंदगी का यादगार अनुभव बन सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img