Last Updated:
Budget Stay Near Kainchi Dham: बाबा नीम करौली महाराज का प्रसिद्ध कैंची धाम हर साल लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है. लेकिन सीजन के दौरान यहां होटल और होमस्टे के बढ़े हुए किराए यात्रियों की जेब पर भारी पड़ते हैं. ऐसे में अगर आप भी कम बजट में आरामदायक ठहराव ढूंढ रहे हैं, तो कैंची धाम और आसपास की कुछ जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प बन सकती हैं. यहां 130 रुपये से लेकर कम बजट में अच्छे कमरे, धर्मशाला, होमस्टे और डोरमेट्री की सुविधा आसानी से मिल जाती है. जानिए बाबा के दरबार के आसपास मौजूद ऐसे ही बजट फ्रेंडली स्टे के बारे में जो आपके बेहद काम आ सकते है.
बाबा नीम करौली महाराज का प्रसिद्ध कैंची धाम देशभर ही नहीं, बल्कि विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं की भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है. हर साल यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं. कैंची धाम के आसपास ठहरने के लिए कई होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस उपलब्ध हैं, लेकिन सीजन के दौरान अक्सर ओवर प्राइसिंग और महंगे किराए की शिकायतें सामने आती रहती हैं. ऐसे में आज हम आपको कैंची धाम के आसपास मौजूद कुछ ऐसे बजट फ्रेंडली स्टे के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप बेहद कम खर्च में आरामदायक ठहराव का आनंद ले सकते हैं.

फिलहाल कैंची धाम आश्रम में आम श्रद्धालुओं के ठहरने की अनुमति नहीं दी जाती है. हालांकि यदि आप आध्यात्मिक उद्देश्य से यहां आ रहे हैं, तो कैंची धाम प्रशासन के कार्यालय में जाकर विशेष अनुमति के लिए संपर्क कर सकते हैं. कुछ नियम और शर्तों के आधार पर प्रशासन मंदिर परिसर से जुड़े आश्रम में शायद रुकने की अनुमति दे सकता है, लेकिन इसके लिए पूर्व स्वीकृति आवश्यक होगी. यदि अनुमति नहीं मिलती है, तो श्रद्धालुओं को निराश होने की जरूरत नहीं है. कैंची धाम के आसपास कई होमस्टे, होटल और गेस्ट हाउस मौजूद हैं, जहां आरामदायक ठहराव की सुविधा उपलब्ध है. वहीं, बजट में रुकने के लिए श्रद्धालु कैंची धाम से कुछ दूरी पर स्थित भवाली और नैनीताल का विकल्प भी चुन सकते हैं, जहां कम कीमत में अच्छे स्टे आसानी से मिल जाते हैं.

नैनीताल के तल्लीताल में स्थित लाला परमा शिवलाल दुर्गा शाह धर्मशाला कैंची धाम दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का पसंदीदा ठिकाना है, यहां बेहद कम दामों में आरामदायक स्टे मिलता है. यहां सबसे कम कीमत वाले डबल बेड का किराया 130 रुपए, ट्रिपल बेड 195 रुपए, फाइव बेड 325 रुपए और सिक्स बेड मात्र 390 रुपए है. बुकिंग के लिए आपको सीधे धर्मशाला के ऑफिस आना होगा, क्योंकि यहां ऑनलाइन बुकिंग और ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा उपलब्ध नहीं है. यही वजह है कि यहां कमरों की बुकिंग के लिए रात से ही लोगों की लाइनें लग जाती है. जिनमें ज्यादातर कैंची धाम के भक्त शामिल होते हैं, अगर आप भी कैंची धाम के आसपास सस्ता स्टे ढूंढ रहे हैं तो यहां आपको सस्ता कमरा मिल सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कैंची धाम मंदिर के ठीक सामने स्थित निर्मला होम स्टे श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास विकल्प बन चुका है. यहां आपको साफ-सुथरे और आरामदायक कमरे मिलते हैं, जिनकी कीमत सुविधाओं के अनुसार 1000 से 5000 रुपये तक है. खास बात यह है कि कमरे की खिड़की से ही भक्त बाबा नीम करौली महाराज के दरबार के दर्शन कर सकते हैं. साथ ही यहां शुद्ध शाकाहारी भोजन की भी बेहतरीन व्यवस्था है, जिससे यात्रियों को घर जैसा अनुभव मिलता है. श्रद्धालु यहां सीधे पहुंचकर या ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट्स के जरिए आसानी से कमरा बुक कर सकते हैं.

नैनीताल के पास स्थित गेठिया बाबा नीम करौली महाराज के भक्तों के लिए एक बेहतरीन ठहराव स्थल माना जाता है. यहां बाबा का प्रसिद्ध भूमियाधार मंदिर भी स्थित है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचते हैं. भूमियाधार के पास स्थित गेठिया पड़ाव में एवरग्रीन रिट्रीट होमस्टे यात्रियों के लिए आरामदायक और शांत माहौल प्रदान करता है. यहां सुविधानुसार कमरे 2000 रुपये से शुरू हो जाते हैं. होमस्टे से दिखाई देने वाले खूबसूरत पहाड़ी नजारे पर्यटकों का दिल जीत लेते हैं. भवाली-भूमियाधार मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से बाबा नीम करौली के भूमियाधार धाम और पास में स्थित कैंची धाम के दर्शन भी आसानी से किए जा सकते हैं. आरामदायक कमरों के साथ यहां मिलने वाला घर जैसा स्वादिष्ट भोजन यात्रियों के सफर को और खास बना देता है. बुकिंग के लिए आप 94583 18675 पर संपर्क कर सकते हैं.

भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित काकड़ीघाट आश्रम बाबा नीम करौली महाराज के भक्तों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. बाबा नीम करौली द्वारा स्थापित यह आश्रम उनके चार प्रमुख धामों में शामिल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. आश्रम के बेहद करीब कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) का टूरिस्ट रेस्ट हाउस भी स्थित है, जो यात्रियों के लिए सुविधाजनक और किफायती ठहराव का बेहतरीन विकल्प बन रहा है. यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आरामदायक कमरे मात्र 1250 रुपये की शुरुआती कीमत में उपलब्ध हैं. श्रद्धालु और पर्यटक KMVN की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आसानी से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं.

भवाली-भीमताल रोड पर स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) का टूरिस्ट रेस्ट हाउस श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए शानदार ठहराव का विकल्प बन रहा है. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टीआरसी यात्रियों को आरामदायक और शांत माहौल प्रदान करता है. यहां ठहरने वाले श्रद्धालु सुबह-सुबह बाबा नीम करौली महाराज के प्रसिद्ध कैंची धाम आश्रम के दर्शन भी आसानी से कर सकते हैं, क्योंकि मंदिर यहां से केवल 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. पर्यटक कुमाऊं मंडल विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं. यहां कमरों की शुरुआती कीमत 2400 रुपये से शुरू होती है, जो सुविधाओं के अनुसार बढ़ती है.

कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और बजट ट्रैवलर्स के लिए नैनीताल का यूथ हॉस्टल शानदार और किफायती ठहराव का विकल्प बन रहा है. यहां बेहद कम कीमत में डोरमेट्री से लेकर आरामदायक कॉटेज तक की सुविधा उपलब्ध है. खास बात यह है कि यात्रियों को यहां स्वादिष्ट और लजीज भोजन भी मिलता है, जिससे सफर का अनुभव और बेहतर हो जाता है. यूथ हॉस्टल में डोरमेट्री का किराया मात्र 150 रुपये से शुरू होता है, जबकि लग्जरी कॉटेज 1500 से 2000 रुपये तक उपलब्ध हैं. कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्रों को आईडी कार्ड दिखाने पर विशेष छूट भी दी जाती है. हालांकि यहां ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है. ठहरने के लिए पर्यटकों को मल्लीताल स्थित यूथ हॉस्टल कार्यालय पहुंचकर सीधे बुकिंग करानी होगी.





