पश्चिम एशिया में बढ़ते हमलों के चलते कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उछाल के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 83,339.26 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार के दौरान, सेंसेक्स ने 83,208.33 का लो बनाया, जबकि निफ्टी एक समय 25,565.90 के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया था।
निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टीसीएस शामिल रहे, जिनमें करीब 5-2.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में बीईएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ, ओएनजीसी और इंडिगो शामिल रहे।
इस दौरान, व्यापक बाजारों ने प्रमुख बेंचमार्कों से बेहतर प्रदर्शन किया, क्योंकि निफ्टी मिडकैप इंडेक्स और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में क्रमशः 0.10 प्रतिशत और 0.56 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.88 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.43 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो में 1.48 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी केमिकल में 1.4 प्रतिशत, निफ्टी मेटल में 1.4 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया में 0.53 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.26 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
एक बाजार विशेषज्ञ ने कहा, “तकनीकी रूप से, 26,000 के स्तर के पास बार-बार गिरावट (रिजेक्शन) देखने के बाद निफ्टी गुरुवार के ‘डोजि’ लो के नीचे आ गया है। तत्काल सपोर्ट 25,400 पर है, जबकि 25,750 का स्तर रेजिस्टेंस बन गया है। बैंक निफ्टी ने अपने छोटे टाइमफ्रेम वाले ‘डबल टॉप’ पैटर्न की नेकलाइन को तोड़ दिया है और 63,040.90 पर बंद हुआ है। अगला सपोर्ट 62,600 पर है, जबकि 63,400 तत्काल रेजिस्टेंस का काम करेगा।”




