SBI क्रेडिट कार्ड और शेयर बाजार से जुड़े बदलाव
1. SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर लगेगा 1% चार्ज
SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 दिसंबर से कुछ भुगतान महंगे हो जाएंगे। कार्ड जारी करने वाली कंपनी SBI Card के मुताबिक, 30,000 रुपये से अधिक के प्रत्येक पात्र ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन पर 1% फीस लगेगी।
फ्यूल खर्च पर भी नया चार्ज लागू होगा। अगर किसी बिलिंग साइकिल में क्रेडिट कार्ड से कुल पात्र फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा होता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% फीस देनी होगी। उदाहरण के लिए, अगर कोई ग्राहक एक बिलिंग साइकिल में फ्यूल पर 60,000 रुपये खर्च करता है, तो उसे 600 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इस पर लागू टैक्स भी लगेगा।
ध्यान रहे कि ट्रांसपोर्टेशन के मामले में 30,000 रुपये की सीमा प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर लागू होगी, जबकि फ्यूल खर्च की गणना पूरी बिलिंग साइकिल के आधार पर होगी।
2. कमोडिटी ट्रेडिंग के मार्जिन नियम बदलेगा SEBI
कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करने वालों के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने न्यूनतम शुरुआती मार्जिन के नियमों में बदलाव किया है। ये नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।
नए प्रावधानों के मुताबिक, कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए न्यूनतम मार्जिन 6%, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए 8% और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए 10% होगा।
इसके अलावा, मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क (MPOR) कम और मध्यम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए दो दिन और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए तीन दिन निर्धारित किया गया है। इन बदलावों का असर ट्रेडर्स को अपने ब्रोकर के पास बनाए रखने वाली रकम पर पड़ सकता है।
3. विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए डिजिटल KYC की सुविधा
विदेश में रहने वाले भारतीयों और कुछ विदेशी नागरिकों के लिए KYC की प्रक्रिया आसान होने जा रही है। SEBI के नए प्रावधान 3 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। इसके तहत पात्र अनिवासी भारतीय (NRI), ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) और FATF के नियमों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले विदेशी नागरिक डिजिटल तरीके से KYC पूरी कर सकेंगे।
इसका फायदा यह होगा कि पात्र निवेशकों को SEBI में रजिस्टर्ड वित्तीय मध्यस्थों के साथ KYC पूरी करने के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी। वे विदेश में रहते हुए ही डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
SEBI ने 14 अगस्त को इस विषय पर प्रस्ताव और परामर्श प्रक्रिया शुरू की थी, जबकि अंतिम लागू होने वाले विस्तृत प्रावधान 4 नवंबर 2026 के सर्कुलर में दिए गए हैं।




