डोंगरगढ़- छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण के सचिव विष्णु लोधी ने पेट्रोल, डीजल, CNG एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई की सबसे बड़ी मार झेल रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग 3 रु प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी ने आम आदमी, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, बस ऑपरेटरों और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का बोझ सीधे जनता की जेब पर डाला जा रहा है।
विष्णु लोधी ने कहा कि जब ईंधन महंगा होता है तो उसका असर केवल पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवहन, खाद्य सामग्री, सब्जी, दूध, दवाई, स्कूल फीस, किराया और खेती-किसानी तक हर क्षेत्र में महंगाई बढ़ जाती है। इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब और मध्यम वर्ग को उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आज देश की जनता पूछ रही है कि आखिर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नियंत्रित होने के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल लगातार महंगा क्यों हो रहा है? जनता पर टैक्स का बोझ डालकर सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।
विष्णु लोधी ने कहा कि चुनाव के समय जनता से महंगाई कम करने, अच्छे दिन लाने और राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन वास्तविकता यह है कि आज हर घर का बजट बिगड़ चुका है।
आम आदमी की आय नहीं बढ़ी, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति के लिए केंद्र सरकार की गलत नीतियां, बढ़ते टैक्स और जनविरोधी आर्थिक फैसले जिम्मेदार हैं। सरकार को चाहिए कि पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त करों में तत्काल कमी करे और जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए।
विष्णु लोधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आम जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई के मुद्दे पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।





