राजनांदगांव: आईपीएल मैचों के सट्टे के हाईटेक रैकेट पर पुलिस ने फिर दांव पलट दिया। थाना बसंतपुर पुलिस ने फरार आरोपी मूलचंद प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब तक इस केस में 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं!
6 अप्रैल को साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास चल रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था। पहले 5 आरोपी—वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन—को पकड़ा गया। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, नगदी और सट्टा पट्टियां बरामद हुईं—कुल 5.5 लाख रुपये कीमत की।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में अब फरार मूलचंद प्रजापति, 26 वर्षीय मोहारा निवासी, को विश्वसनीय सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। एक और फरार सादिक खान की तलाश जारी है।
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक एमएन साहू, उपनिरीक्षक देवादास भारती और अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अपील कर रही है—सट्टेबाजी से दूर रहें, ये कानूनन अपराध है!





