नौतपा में कौन से रंग और क्वालिटी के कपड़े पहनें? किसे करें अवॉइड, जानें फायदे और नुकसान


Last Updated:

Nautapa Clothes Tips: दीपक पाटीदार ने लोकल 18 को बताया कि गर्मी के मौसम में कपड़े का फैब्रिक सबसे महत्वपूर्ण होता है. शुद्ध कॉटन का कपड़ा पसीना सोखने, हवा का संचार बनाए रखने और शरीर को ठंडा रखने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. यही वजह है कि गर्मियों में ज्यादातर लोग सूती कपड़ों को प्राथमिकता देते हैं.

खरगोन. गर्मियों में सही कपड़ों का चयन सिर्फ पर्सनालिटी के लिए नहीं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद जरूरी होता है. तेज धूप, पसीना और बढ़ते तापमान के बीच गलत कपड़े पहनने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है. इसके कारण डिहाइड्रेशन, घमौरियां और त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है. इन दिनों नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि लोगों को कपड़ों के रंग ओर फैब्रिक पर विशेष ध्यान देना चाहिए. आमतौर पर डार्क कलर के कपड़ों की तुलना में लाइट कलर के कपड़े ज्यादा आरामदायक और उपयोगी होते हैं. खास बात यह है कि कपड़े हल्के, ढीले और शुद्ध सूती यानी 100 प्रतिशत कॉटन के हों, तो शरीर को अधिक ठंडक मिलती है और पसीना भी आसानी से सूख भी जाता है.

खरगोन में पिछले 20 वर्षों से कपड़ों का व्यापार कर रहे दीपक पाटीदार लोकल 18 को बताते हैं कि नौतपा और भीषण गर्मी के दौरान लोगों को सफेद रंग के कपड़े अधिक पहनने चाहिए. सफेद रंग सूर्य की किरणों को परावर्तित करता है, जिससे शरीर कम गर्म होता है. जिन लोगों को सफेद रंग पसंद नहीं है, वे हल्का नींबू पीला, क्रीम, बादामी, आसमानी या अन्य हल्के रंगों का चयन कर सकते हैं. हल्के रंग धूप को कम अवशोषित करते हैं, जिससे शरीर को अपेक्षाकृत ठंडक महसूस होती है और गर्मी का असर कम पड़ता है.

डार्क कलर के कपड़ों से क्यों बनाएं दूरी?
उनका का कहना है कि गर्मियों में काला, गहरा नीला, मरून, मेहंदी और अन्य गहरे रंग के कपड़े कम से कम पहनने चाहिए. ये रंग सूर्य की गर्मी को ज्यादा सोखते हैं, जिससे शरीर का तापमान बढ़ सकता है और अधिक पसीना आता है. ऐसे कपड़े लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं.

कॉटन फैब्रिक को दें प्राथमिकता
दीपक पाटीदार ने बताया कि गर्मी के मौसम में कपड़े का फैब्रिक सबसे महत्वपूर्ण होता है. शुद्ध कॉटन का कपड़ा पसीना सोखने, हवा का संचार बनाए रखने और शरीर को ठंडा रखने में सबसे बेहतर माना जाता है. यही कारण है कि गर्मियों में अधिकांश लोग सूती कपड़ों को प्राथमिकता देते हैं. उनके अनुसार, बाजार में उपलब्ध कुछ सूती कपड़ों की काफी मांग रहती है क्योंकि वे गर्मी में आरामदायक महसूस होते हैं और लंबे समय तक पहनने पर भी परेशानी नहीं होती.

पॉलिस्टर वाले कपड़ों से रहें सावधान
विशेषज्ञों ने बताया कि जिन कपड़ों में पॉलिस्टर की मात्रा अधिक होती है, उन्हें गर्मियों में पहनने से बचना चाहिए. विशेष रूप से टेरीकॉट जैसे फैब्रिक, जिनमें पॉलिस्टर ज्यादा होता है, शरीर में गर्मी बढ़ा सकते हैं. यदि किसी कपड़े में 65 प्रतिशत कॉटन और 35 प्रतिशत पॉलिस्टर है, तो उसे गर्मियों में पहना जा सकता है. लेकिन यदि कपड़े में 70 प्रतिशत पॉलिस्टर और 30 प्रतिशत कॉटन है, तो वह गर्मी के मौसम के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता. वहीं 100 प्रतिशत कॉटन सबसे बेहतर विकल्प है.

नए कपड़ों को भी करें अवॉइड
दीपक पाटीदार का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान बिल्कुल नए कपड़ों को पहनने से भी बचना चाहिए. पहले से उपयोग किए जा रहे और कई बार धुले हुए कपड़े नए कपड़ों की तुलना में मुलायम और आरामदायक हो जाते हैं. ऐसे कपड़े गर्मी कम महसूस कराते हैं जबकि नए कपड़े शुरुआत में भारी और गर्म लग सकते हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img