डोंगरगढ़- विकासखंड के अंतर्गत डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुसरा में किसानों एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय जनसंवाद के दौरान सचिव जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण के विष्णु लोधी ने समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बिजली, स्मार्ट मीटर, खाद, धान खरीदी एवं रेलवे सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से सामने रखीं। ग्रामीणों ने बिजली दरों में की गई पांच बार की बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू करने, स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाने तथा स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिलों की जांच कर अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करने की मांग रखी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने खाद की कीमतें कम करने एवं समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, ₹3,286 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा पिछले दो वर्षों में समर्थन मूल्य में हुई वृद्धि की राशि किसानों को प्रदान करने की मांग रखी। वहीं तीसरी रेलवे लाइन के अंतर्गत नया प्लेटफॉर्म एवं शेड निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। विष्णु लोधी ने कहा कि मैंने ग्रामीणों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना है। जनता की प्रत्येक न्यायोचित मांग को शासन-प्रशासन तक पूरी मजबूती से पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा। किसान और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।




