रामघाट से गुप्त गोदावरी तक, दिल्ली से कुछ दूरी पर छिपे हैं रामायण काल से जुड़े कई रहस्य और खूबसूरत नजारे


उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर बसा चित्रकूट एक ऐसी जगह है, जहां कदम-कदम पर रामायण काल से जुड़ी मान्यताएं सुनने को मिलती हैं. यहां घने जंगल, पहाड़, नदियां, प्राचीन मंदिर और रहस्यमयी गुफाएं देखने को मिलती हैं. मान्यता है कि भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण ने अपने वनवास का काफी समय यहां बिताया था. यही वजह है कि चित्रकूट को धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के लिए खास माना जाता है.

चित्रकूट की यात्रा रामघाट से शुरू करना अच्छा रहता है. यह मंदाकिनी नदी के किनारे बना प्रमुख घाट है. सुबह यहां श्रद्धालु पूजा-पाठ करते हैं, जबकि शाम के समय होने वाली आरती का नजारा देखने लायक होता है. नदी में तैरती नावें, मंदिरों की घंटियां और दीपों की रोशनी इस जगह को अलग ही माहौल देती है. स्थानीय मान्यता के अनुसार, इसी घाट पर गोस्वामी तुलसीदास को भगवान राम के दर्शन हुए थे.

गुप्त गोदावरी की रहस्यमयी गुफाएं

चित्रकूट से करीब 18 किलोमीटर दूर गुप्त गोदावरी स्थित है. यहां पहाड़ के अंदर दो प्राकृतिक गुफाएं बनी हुई हैं. इन गुफाओं के भीतर घुटनों तक पानी भरा रहता है. बड़ी गुफा में पत्थर से बने दो सिंहासन जैसे आकार दिखाई देते हैं. मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान राम और लक्ष्मण यहां ठहरे थे और इसी स्थान पर उनका दरबार लगता था. गुफाओं के अंदर बहता पानी और संकरा रास्ता इसे खास अनुभव बनाते हैं.

कामदगिरि की परिक्रमा का है विशेष महत्व

कामदगिरि पहाड़ी को चित्रकूट का सबसे पवित्र स्थान माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि भगवान राम ने वनवास के दौरान यहां निवास किया था. श्रद्धालु इस पहाड़ी की करीब 5 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हैं. रास्ते में कई छोटे-बड़े मंदिर मिलते हैं. यहां स्थित भरत मिलाप मंदिर भी खास है. मान्यता है कि इसी जगह भरत अपने बड़े भाई राम से मिलने आए थे और उन्हें अयोध्या लौटने के लिए मनाया था.

हनुमान धारा से दिखता है खूबसूरत नजारा

चित्रकूट में हनुमान धारा भी देखने लायक जगह है. यह मंदिर एक ऊंची पहाड़ी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. यहां चट्टानों के बीच से पानी की धारा बहती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, लंका से लौटने के बाद हनुमान जी की थकान और गर्मी शांत करने के लिए भगवान राम ने इस स्थान पर उनकी मदद की थी.

कब जाएं और कैसे पहुंचे?

चित्रकूट घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च का समय अच्छा माना जाता है. यहां सड़क और रेल मार्ग से पहुंचा जा सकता है. नजदीकी रेलवे स्टेशन चित्रकूटधाम कर्वी है. दिल्ली से आने वाले लोग ट्रेन या सड़क मार्ग से अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं. अगर आप धार्मिक स्थलों के साथ प्रकृति और सुकून भरे माहौल का आनंद लेना चाहते हैं, तो चित्रकूट एक यादगार यात्रा साबित हो सकता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img