Last Updated:
Bahubali Tourism Spot: बाहुबली की भव्य शूटिंग लोकेशन के रूप में प्रसिद्ध यह खूबसूरत घाटी अब देशभर के पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बन चुकी है. प्राकृतिक सुंदरता, ऊंचे पहाड़, झरने और हरियाली से घिरी यह जगह किसी फिल्मी सेट जैसी नजर आती है, लेकिन यह पूरी तरह वास्तविक है. बाहुबली फिल्म की शूटिंग के बाद इस घाटी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और अब यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. यह स्थान खासतौर पर नेचर लवर्स, फोटोग्राफी और एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए बेहद खास माना जाता है.
हैदराबाद: शोर-शराबे और कंक्रीट के जंगलों से घिरे हैदराबाद शहर के पास एक ऐसी जगह छिपी है जो इन दिनों सोशल मीडिया पर सनसनी बनी हुई है. राजेंद्र नगर के पास स्थित रॉक्स वैली जिसे स्थानीय लोग टेक्सास रॉक्स वैली भी कहते हैं अपनी अद्भुत प्राकृतिक बनावट और विशाल चट्टानों के कारण पर्यटकों के लिए एक नया एडवेंचर हब बन गई है.
शहर से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह घाटी तब चर्चा में आई जब लोगों को पता चला कि ब्लॉकबस्टर फिल्म बाहुबली के कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग यहाँ की गई थी. यहाँ की ऊँची चट्टानें और उनके बीच जमा नीला-हरा पानी किसी फिल्मी सेट जैसा अहसास कराता है. यही कारण है कि अब यहाँ न केवल पर्यटक बल्कि प्री-वेडिंग शूट कराने वाले जोड़े और व्लॉगर्स का तांता लगा रहता है.
रास्ता झाड़ियों, कांटों और उबड़-खाबड़ पत्थरों से भरा
रॉक्स वैली तक पहुँचना किसी रोमांचक यात्रा से कम नहीं है. मुख्य मार्ग से यहाँ तक पहुँचने के लिए करीब 1.5 से 2 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है. रास्ता झाड़ियों, कांटों और उबड़-खाबड़ पत्थरों से भरा है. यहाँ आने वाले पर्यटकों का कहना है कि चढ़ाई थोड़ी कठिन है और फिसलन भरी चट्टानों के कारण सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. लेकिन घाटी के अंदर पहुँचते ही जो नजारा दिखता है वह सारी थकान मिटा देता है.
रॉ और नेचुरल लोकेशन मिलना किसी वरदान से कम नहीं
हाल ही में यहाँ आए पर्यटकों और युवाओं के एक समूह ने बताया कि वे यहाँ की शांति और प्राकृतिक सुंदरता के मुरीद हो गए हैं. कर्नाटक के रायचूर से आए एक फोटोग्राफर ने बताया कि वे विशेष रूप से प्री-वेडिंग शूट के लिए 250 किलोमीटर का सफर तय करके यहाँ आए हैं. उनके अनुसार हैदराबाद के पास इस तरह की रॉ और नेचुरल लोकेशन मिलना किसी वरदान से कम नहीं है.
रॉक्स वैली आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए
हालाँकि, यह जगह जितनी खूबसूरत है, उतनी ही जोखिम भरी भी हो सकती है. यहाँ का पानी काफी गहरा है और जगह-जगह नुकीले पत्थर हैं. स्थानीय प्रशासन और अनुभवी व्लॉगर्स सलाह देते हैं कि यहाँ सुबह जल्दी आना सबसे बेहतर है. साथ ही, ट्रैकिंग शूज पहनना और अपने साथ पानी व जरूरी सामान रखना अनिवार्य है. अगर आप भी इस वीकेंड कुछ नया और एडवेंचरस तलाश रहे हैं तो हैदराबाद की यह रॉक्स वैली आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें





