Last Updated:
अगर आप अपने पार्टनर के साथ रोमांटिक ट्रिप या हनीमून की योजना बना रहे हैं, तो दक्षिण भारत की कुछ खूबसूरत जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं. मानसून इस जगह की खूबसूरती को और भी बढ़ा देती है. बारिश के बाद हरियाली से ढके पहाड़, बादलों से घिरी वादियां, झरनों की गूंज और ठंडी हवाएं यात्रा का आनंद कई गुना बढ़ा देती हैं. यहां जानिए दक्षिण भारत की कुछ शानदार जगहों के बारे में-
पिछले कुछ समय से साउथ इंडिया हनीमून के लिए कपल्स की पहली पसंद बना हुआ है. वजह है यहां कि शांति और दूर-दूर तक फैली प्राकृतिक सुंदरता. यहां पर प्राइवेसी के साथ कम भीड़भाड़ के कारण साफ-सफाई भी खूब मिलती है. इसका एक और भी कारण है पहाड़ों को लेकर बढ़ता हाइप, जिसके कारण साउथ इंडिया लगभग अभी अछूता है.
केरल का मुन्नार मानसून में बेहद खूबसूरत नजर आता है. यहां की धुंध से ढकी पहाड़ियां, चाय के बागान और मनमोहक झरने पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. बारिश के बाद मिट्टी की खुशबू और मसालों के बागानों की महक माहौल को और खास बना देती है. यहां आप झीलों, हरे-भरे मैदानों और प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकते हैं.
कर्नाटक का कूर्ग अपनी कॉफी और मसालों के बागानों के लिए प्रसिद्ध है. मानसून में यहां की हरियाली देखने लायक होती है. एबी फॉल्स की खूबसूरती, जंगलों में ट्रेकिंग और राजा सीट से दिखाई देने वाले शानदार नजारे आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं. कॉफी प्रेमियों के लिए यहां के कैफे भी खास आकर्षण हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऊटी को दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों में गिना जाता है. बादलों से घिरी सड़कें, ठंडी हवाएं और बारिश की फुहारें यहां के माहौल को रोमांटिक बना देती हैं. यहां की पहाड़ियां, झीलें और घाटियां पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं. मेट्टुपालयम से ऊटी तक चलने वाली टॉय ट्रेन की सवारी भी एक अनोखा अनुभव देती है.
मानसून के दौरान चिकमगलूर की खूबसूरती अपने चरम पर होती है. बाबा बुदन पहाड़ियों के शानदार दृश्य और कॉफी बागानों की ताजगी यहां आने वाले पर्यटकों को खूब पसंद आती है. यहां हाइकिंग, राफ्टिंग और वाइल्डलाइफ सफारी जैसी गतिविधियों का भी आनंद लिया जा सकता है.
अगर आपको समुद्र पसंद है, तो केरल का कोवलम एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. बारिश के मौसम में यहां का समुद्री दृश्य बेहद आकर्षक लगता है. बीच पर टहलना, लोकल सीफूड का स्वाद लेना और सनसेट का नजारा देखना यात्रा को खास बना सकता है.
पश्चिमी घाट में स्थित कोडाइकनाल अपनी शांत वादियों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. बारिश के बाद यहां की घाटियां, जंगल और घास के मैदान और भी खूबसूरत दिखाई देते हैं. झील में बोटिंग और प्रकृति के बीच लंबी सैर यहां आने वाले पर्यटकों के पसंदीदा अनुभवों में शामिल हैं.




