डोंगरगढ़–श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के शुभ अवसर पर डोंगरगढ़ शक्ति वाहिनी द्वारा महिलाओं एवं युवतियों के लिए दही हांडी लूट एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय महावीर मंदिर प्रांगण में किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों, युवतियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात छोटे-छोटे बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं में सजकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के बाद रंगारंग नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों, युवतियों एवं महिलाओं ने एकल एवं समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, ऊर्जा और आत्मविश्वास से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी मेल–जोल, भाईचारे और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
महिलाओं एवं युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में निर्मला सिन्हा, संगीता टेंभूरकर एवं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद अनीश निर्मलकर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, सौमित्र सोनी, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष उमा महेश्वर, निर्मला सिन्हा सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को समिति की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि महिलाओं, युवतियों एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन आगे भी किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर की मातृशक्ति, युवतियां एवं बच्चे उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से ज्योति बड़वाईक, संजू अग्रवाल, कीर्ति बड़े, निर्मला साहू, शारदा भोंडे, नमिता चौबे, बरखा सोनी, सीमा मिश्रा, वंदना सोनी, सुनीता बघेल, रीना साहू, संतोषी यादव, स्मृति वर्मा, सुधा श्रीवास्तव, सीता शर्मा, अचला ठाकुर, पूजा सिंह, अंजू चौधरी, शारदा अग्रवाल, हर्षा देवांगन एवं नीता तराने सहित बड़ी संख्या में शक्ति वाहिनी की सदस्य एवं शहर की मातृशक्ति मौजूद रही। कार्यक्रम ने महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ बच्चों में भी उत्साह और उमंग का संचार किया।




