Last Updated:
बारिश के मौसम में अगर आप भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो चित्रकूट की यह जगह आपको पसंद आ सकती है. मानिकपुर के पाठा क्षेत्र में स्थित तुलसी वॉटरफॉल इन दिनों बारिश के बाद बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है. पहाड़ों से गिरता पानी, सफेद धुंध और चारों ओर फैली हरियाली यहां का नजारा किसी खूबसूरत तस्वीर से कम नहीं बना रही है.
चित्रकूट: बारिश का मौसम आते ही पहाड़ों और झरनों की खूबसूरती देखते ही बनती है. हरियाली से ढकी पहाड़ियां, गिरता हुआ पानी और चारों ओर छाई धुंध प्रकृति प्रेमियों को अपनी ओर खींचने लगती है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच सुकून से बिताना चाहते हैं, तो चित्रकूट का तुलसी वॉटरफॉल आपके लिए खास जगह हो सकता है. मानिकपुर के पाठा क्षेत्र में स्थित यह वॉटरफॉल बारिश के बाद बेहद खूबसूरत नजर आता है.
मानिकपुर क्षेत्र में टिकरिया के पास स्थित तुलसी वॉटरफॉल बरसात के दिनों में अपने अलग ही रूप में दिखाई देता है. बारिश के बाद आसपास की ऊंची पहाड़ियों से पानी तेज बहाव के साथ नीचे गहरी खाई की ओर गिरता है. इस दौरान पानी की फुहार और उसके साथ उठने वाली धुंध की सफेद परत दूर से धुएं जैसी नजर आती है. पहाड़ों से गिरते पानी, धुंध और हरियाली का यह मेल यहां आने वाले पर्यटकों को काफी आकर्षित कर रहा है. वॉटरफॉल के आसपास का प्राकृतिक वातावरण भी लोगों को सुकून देता है.
बारिश के बाद इलाके में हरियाली बढ़ गई है. पहाड़ियों के बीच बहता पानी और चारों ओर फैली हरियाली तुलसी वॉटरफॉल की खूबसूरती को और बढ़ा रही है. यही वजह है कि इन दिनों चित्रकूट के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी लोग यहां घूमने पहुंच रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
तुलसी वॉटरफॉल देखने के लिए बांदा, प्रयागराज, सतना और आसपास के क्षेत्रों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं. यहां आने वाले लोग पहाड़ियों से गिरते पानी और धुंध से बने खूबसूरत नजारे को मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आते हैं.
बांदा से तुलसी वॉटरफॉल पहुंचे पर्यटक शिवराम ने बताया कि वह चित्रकूट घूमने आए थे. इसी दौरान उन्हें तुलसी वॉटरफॉल के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद वह यहां पहुंच गए. उन्होंने बताया कि यहां पहुंचने के बाद प्राकृतिक नजारा देखकर काफी अच्छा लगा. पहाड़ियों से धुंध के बीच गिरता पानी बेहद आकर्षक दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में यहां का नजारा देखने लायक है.
परिवार और बच्चों के साथ तुलसी वॉटरफॉल पहुंचे अनूप कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ यहां घूमने आए हैं. उनके मुताबिक, वॉटरफॉल और आसपास का प्राकृतिक नजारा काफी सुंदर है. उन्होंने कहा कि पहले ऐसी प्राकृतिक जगहों पर घूमने के लिए दूसरे शहरों तक जाना पड़ता था और इसमें काफी खर्च भी होता था. लेकिन आसपास ही इतनी खूबसूरत जगह मिलना अच्छा अनुभव है.
अगर आप भी छुट्टियों में शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो तुलसी वॉटरफॉल का रुख कर सकते हैं. हालांकि, बारिश के दौरान वॉटरफॉल में पानी का बहाव और जलस्तर बढ़ सकता है. ऐसे में झरने के बेहद करीब जाने से बचें और सुरक्षित स्थान से ही प्राकृतिक नजारे का आनंद लें.




