Last Updated:
लॉरेंस गैंग के बाद अब पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के खिलाफ अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी FBI ने बड़ी कार्रवाई की है. FBI ने गैंग से जुड़े मोस्ट वांटेड अपराधी नीतीश कौशल को अमेरिका से गिरफ्तार कर लिया है. नीतीश पर अमेरिका में जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और अपहरण जैसे कई संगीन आरोप हैं. इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई से गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.
एफबीआई ने बड़ी कार्रवाई की.
ग्लोबल अंडरवर्ल्ड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब एक और भारतीय सिंडिकेट सात समंदर पार अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गया है. अब पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर और ड्रग माफिया जग्गू भगवानपुरिया गिरोह पर फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी एफबीआई (FBI) का बड़ा चाबुक चला है. अमेरिकी धरती पर आतंक का पर्याय बन चुके इस सिंडिकेट को जमींदोज करने के लिए एफबीआई ने एक बेहद गोपनीय और बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के सबसे खूंखार और मोस्ट वांटेड गुर्गे नीतीश कौशल को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. कैलिफोर्निया की सड़कों से लेकर लॉस एंजिलिस की अदालतों तक फैले इस गैंग के खूनी साम्राज्य पर यह अब तक की सबसे करारी चोट मानी जा रही है. नीतीश कौशल की इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि विदेशी धरती पर बैठकर भारत और अमेरिका दोनों देशों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले गैंगस्टरों के दिन अब पूरी तरह लद चुके हैं और ग्लोबल एजेंसियों का चक्रव्यूह उनके चारों तरफ कस चुका है.
कैलिफोर्निया से चल रहा था नेटवर्क
अमेरिकी जांच एजेंसियों द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नीतीश कौशल कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप के लिए एक प्रमुख मोहरे के रूप में काम कर रहा था. यह गिरोह मूल रूप से भारत के पंजाब से संचालित होता है लेकिन पिछले कुछ सालों में इसने अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत दुनिया के कई अन्य देशों में अपना मजबूत आपराधिक नेटवर्क स्थापित कर लिया है. एफबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक यह अंतरराष्ट्रीय गिरोह हत्या, जबरन वसूली, अपहरण, मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी, हथियारों की अवैध सप्लाई, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) जैसी बेहद संगीन और हिंसक आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है.
RICO कानून के तहत कसा शिकंजा
नीतीश कौशल पर भगवानपुरिया गैंग की तरफ से अमेरिका की धरती पर कई हिंसक वारदातों को अंजाम देने और उनकी साजिश रचने का गंभीर आरोप है. जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने अमेरिका में कई अपहरण और जानलेवा हमलों की वारदातों में मुख्य भूमिका निभाई थी. उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए 25 जून 2026 को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया, लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत ने नीतिश कौशल के खिलाफ बेहद सख्त ‘रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गनाइजेशन’ (RICO) कॉन्सपिरेसी के तहत एक गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. इसी वारंट के आधार पर एफबीआई ने एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर उसे धर दबोचा.
अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पर बड़ी चोट
भारतीय गैंगस्टरों का विदेशी धरती पर बढ़ता प्रभाव पिछले कुछ समय से वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. पंजाब में सक्रिय जग्गू भगवानपुरिया जैसे गैंग अब स्थानीय स्तर से उठकर ग्लोबल सिंडिकेट का रूप ले चुके हैं, जो विदेशों में बैठकर भारत में टारगेट किलिंग और जबरन वसूली को अंजाम देते हैं. नीतीश कौशल की यह गिरफ्तारी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि अमेरिकी एजेंसियां अब इन अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपना रही हैं. एफबीआई अब नीतीश कौशल से पूछताछ कर रही है ताकि अमेरिका और कैलिफोर्निया में सक्रिय जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अन्य गुर्गों और उनके फंडिंग नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके.
About the Author

पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…और पढ़ें




