वीवो जल्द ही अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज को पेश करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने कंफर्म किया है कि वीवो X500 Pro Max को वीवो X500 Pro के साथ लॉन्च किया जाएगा. आधिकारिक लॉन्च से पहले कंपनी लगातार फोन के फीचर्स से पर्दा उठा रही है. अब वीवो के एक एग्जीक्यूटिव ने इसके डिस्प्ले से जुड़ी अहम जानकारी शेयर की है.
नए फोन में 2K रेजॉल्यूशन वाला BOE डिस्प्ले मिलेगा. इसके अलावा कंपनी पहले ही फोन में MediaTek Dimensity चिपसेट और 200MP Zeiss कैमरा होने की जानकारी दे चुकी है.
वीवो X500 Pro Max में मिलेगा 6.85-इंच 2K डिस्प्ले
वीवो के प्रोडक्ट मैनेजर Han Boxiao ने Weibo पर जानकारी दी है कि वीवो X500 Pro Max में 6.85-इंच BOE Q11 2K Zeiss मास्टर कलर स्क्रीन दी जाएगी. कंपनी का दावा है कि ये दुनिया का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसमें इस तरह का डिस्प्ले इस्तेमाल किया गया है.
इस स्क्रीन में अपग्रेडेड Q11 BOE ल्यूमिनसेंट मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. वीवो के मुताबिक, इससे स्क्रॉलिंग के दौरान मोशन ब्लर में काफी कमी आएगी. कंपनी का दावा है कि पिछली जनरेशन के डिस्प्ले की तुलना में मोशन ब्लर 93 प्रतिशत तक कम हुआ है.
कलर और ब्राइटनेस में भी सुधार
वीवो ने डिस्प्ले की कलर यूनिफॉर्मिटी बेहतर करने के लिए Chip-level Demura टेक्नोलॉजी और अपना Pixel-level Compensation Algorithm इस्तेमाल किया है. कंपनी के मुताबिक, इससे कलर यूनिफॉर्मिटी में 43 प्रतिशत तक सुधार हुआ है.
वहीं, ब्राइटनेस यूनिफॉर्मिटी में भी 22 प्रतिशत सुधार का दावा किया गया है. इससे स्क्रीन पर ज्यादा एक जैसी ब्राइटनेस और बेहतर कलर आउटपुट मिलने की उम्मीद है.
खास बात यह है कि 2K रेजॉल्यूशन के बावजूद कंपनी ने पावर एफिशिएंसी पर भी काम किया है. वीवो का दावा है कि नई स्क्रीन पिछली 1.5K स्क्रीन की तुलना में 21 प्रतिशत कम पावर इस्तेमाल करती है. इसकी लाइफ भी पिछली स्क्रीन के मुकाबले दोगुनी होने का दावा किया गया है.
इंसानी आंखों के हिसाब से एडजस्ट होगी ब्राइटनेस
वीवो X500 Pro Max में अंडर-डिस्प्ले मल्टीस्पेक्ट्रल सेंसर भी दिया जाएगा. यह अलग-अलग स्पेक्ट्रम और कलर टेम्परेचर को पहचानकर स्क्रीन की ब्राइटनेस को अपने आप एडजस्ट करेगा.
कंपनी का दावा है कि यह सेंसर इंसानी आंखों की विजुअल परसेप्शन के साथ 98 प्रतिशत तक मैचिंग हासिल कर सकता है. इसमें 0.3-लक्स तक की ब्राइटनेस एडजस्टमेंट प्रिसीजन बताई गई है.
200MP Zeiss कैमरा और 2nm चिपसेट
कैमरे की बात करें तो वीवो X500 Pro Max में 200MP Zeiss APO Super Telephoto Camera मिलेगा. यह फोन का सबसे बड़ा कैमरा हाइलाइट हो सकता है और खासतौर पर जूम फोटोग्राफी में बेहतर रिजल्ट देने की उम्मीद है.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें 2nm MediaTek Dimensity चिपसेट दिया जाएगा. फोन में नया OriginOS 7 मिलने की भी पुष्टि हो चुकी है.
फिलहाल वीवो ने फोन की कीमत और लॉन्च की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया है. कंपनी आने वाले दिनों में वीवो X500 Pro और X500 Pro Max से जुड़ी बाकी जानकारी भी सामने ला सकती है.




