नेपाल में अचानक आई बाढ़ में अब तक 734 लोगों की मौत हुई है और 2,498 लोग लापता हैं। सुरक्षाबलों ने 8,186 लोगों को सुरक्षित निकाला है।
i
नेपाल के रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। तबाही की तस्वीर धीरे-धीरे सामने आ रही है। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के आधिकारिक अपडेट के मुताबिक, बाढ़ के बाद अब तक 734 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2,498 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
कई जिलों में मिले शव और मानव अवशेष
नेपाल न्यूज़ ने NDRRMA के हवाले से बताया कि बाढ़ प्रभावित कई जिलों से अब तक 734 शव और मानव अवशेष बरामद किए गए हैं। इनमें चितवन से 259, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता ईस्ट) से 184, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता वेस्ट) से 82, गोरखा से 58, नुवाकोट से 52, धादिंग से 50, तनहूं से 36 और रसुवा से 13 शव शामिल हैं। बाढ़ में घायल 242 लोग इलाज करा रहे हैं या इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।
लापता लोगों की सूची भी काफी लंबी है। इनमें 933 हाइड्रोपावर परियोजना कर्मी और 589 विदेशी नागरिक शामिल हैं। विदेशी पर्यटकों के साथ यात्रा कर रहे 127 नेपाली नागरिक भी लापता हैं। इसके अलावा रसुवा के 562 स्थानीय निवासी, नुवाकोट के 115, मकवानपुर के 65 और लांगटांग नेशनल पार्क में 3 लोग लापता बताए गए हैं। इस सूची में अलग-अलग सरकारी विभागों और सुरक्षा बलों के कर्मचारी भी शामिल हैं।
करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मी रेस्क्यू में जुटे
बाढ़ के बाद बचाव अभियान को बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। कुल 19,895 सुरक्षाकर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाए गए हैं। इनके प्रयास से अब तक 8,186 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें नेपाली सेना ने 2,974, नेपाल पुलिस ने 2,699 और सशस्त्र पुलिस बल ने 2,513 लोगों को बचाया है।
मुश्किल इलाकों तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर अभियान के दौरान हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे 279 कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। इसके अलावा 227 विदेशी नागरिकों को भी एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
राहत के साथ इलाज पर भी जोर
रेस्क्यू के साथ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने का काम भी जारी है। 37 ट्रकों और 7 हेलीकॉप्टर उड़ानों के जरिए खाने-पीने की चीजों के साथ दूसरी जरूरी राहत सामग्री भेजी जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सर्जिकल मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रभावित स्थानीय नगरपालिकाओं में सरकार की ओर से नकद राहत राशि का वितरण किया जा रहा है।
बाढ़ के बाद जारी इस अभियान का एक बड़ा हिस्सा अभी भी लापता लोगों की तलाश पर केंद्रित है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2,498 लोगों की तलाश जारी है, जबकि बचाव दल अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित निकाल चुके हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए





