ट्रंप के 40 करोड़ डॉलर के बॉलरूम पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर, व्हाइट हाउस में धड़ाधड़ जारी रहेगा काम


Last Updated:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस में 40 करोड़ डॉलर के नए बॉलरूम के निर्माण को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत मिल गई है. कोर्ट ने निचली अदालत के रोक संबंधी आदेश पर अस्थायी रोक लगाते हुए काम जारी रखने की अनुमति दी है. परियोजना का करीब 65 फीसदी काम पूरा हो चुका है.

Zoom

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस में प्रस्तावित नए बॉलरूम के निर्माण पर फिलहाल रोक नहीं लगेगी. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को प्रशासन को बड़ी राहत देते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की अनुमति दे दी. मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने अस्थायी रोक आदेश जारी कर निचली अदालतों के उन फैसलों पर फिलहाल रोक लगा दी, जिनके चलते इस प्रोजेक्ट का काम बंद करना पड़ता. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अभी यह तय नहीं किया है कि बॉलरूम परियोजना कानूनी है या नहीं. यानी ट्रंप प्रशासन को फिलहाल काम जारी रखने की इजाजत मिली है, लेकिन परियोजना की अंतिम कानूनी स्थिति पर अदालत का फैसला अभी बाकी है.

बॉलरूम का क्या था विवाद?

अदालती दस्तावेजों में ट्रंप प्रशासन ने बताया कि 14 अगस्त तक 40 करोड़ डॉलर की इस निजी फंडिंग वाले प्रोजेक्ट का लगभग 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था. दस्तावेजों के अनुसार, करीब 250 लोगों की टीम दिन में 20 घंटे, सप्ताह के सातों दिन इस परियोजना पर काम कर रही है. समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला उस निर्णय के दो सप्ताह बाद आया है जिसमें वॉशिंगटन की एक फेडरल अपील्स कोर्ट ने सात अगस्त को कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में नया बॉलरूम बनवाने का काम गैरकानूनी तरीके से कर रहे हैं. अमेरिकी कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया सर्किट ने अपने फैसले पर 14 दिनों की रोक लगाई थी ताकि प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का मौका मिल सके.

कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा?

ऐतिहासिक विरासत संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था नेशनल ट्रस्ट फॉर हिस्टोरिक प्रिजर्वेशन के पक्ष में दिए गए फैसले में कहा गया था कि अक्टूबर 2025 में सिर्फ तीन दिनों के भीतर ट्रंप ने ‘वादा की गई सलाह-मशविरा प्रक्रिया पूरी किए बिना और कांग्रेस की अनुमति लिए बिना’ पूरे ईस्ट विंग को गिरा दिया था. इसका मकसद निजी धन से 90,000 वर्ग फुट का एक विशाल बॉलरूम बनाना था, जिस पर कांग्रेस की कोई निगरानी नहीं थी. व्हाइट हाउस में बॉलरूम विस्तार की ट्रंप की योजना को व्हाइट हाउस और कांग्रेस में उनके कई सहयोगियों का समर्थन मिला है, लेकिन कांग्रेस के कुछ रिपब्लिकन लॉमेकर्स ने भी इस परियोजना को लेकर चिंता और आपत्ति जताई है.

ट्रंप ने क्या कहा?

इससे पहले जुलाई में ट्रंप ने कहा था कि व्हाइट हाउस का पुनर्निर्माण और नवीनीकरण उस व्यापक बदलाव का प्रतीक है जिसे वह अमेरिका के पुनरुत्थान के रूप में देखते हैं. उनका तर्क था कि देश की सबसे पहचान वाली इमारत में अमेरिका की ताकत, इतिहास और आत्मविश्वास झलकना चाहिए. सात जुलाई को रोज गार्डन में दिए गए अपने संबोधन में ट्रंप ने व्हाइट हाउस के नवीनीकरण पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ संरक्षण का काम नहीं है, बल्कि देश के भविष्य को लेकर एक संदेश भी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास ऐसी औपचारिक और भव्य सुविधाएं होनी चाहिए जो दुनिया की अन्य बड़ी शक्तियों के बराबर या उनसे बेहतर हों. ट्रंप ने कहा, ‘मैं हाल ही में चीन के ग्रेट हॉल में गया था. वहां एक बहुत बड़ा बॉलरूम है. हम भी एक ऐसा बॉलरूम बनाने जा रहे हैं जो हर चीज से बेहतर होगा.’

About the Author

authorimg

Yogendra Mishra

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…

और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img