Last Updated:
Udaipur Mansoon Tourist Destinations: अगर आप इस मानसून उदयपुर की खूबसूरती को करीब से महसूस करना चाहते हैं तो इन पांच जगहों की सैर जरूर करें. हालांकि बारिश के मौसम में किसी भी पिकनिक स्पॉट पर जाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. तेज बहाव वाले पानी में उतरने से बचें, फिसलन वाली जगहों पर सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. थोड़ी सी सावधानी के साथ आपका मानसून ट्रिप यादगार और सुरक्षित बन सकता है.
झीलों की नगरी उदयपुर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में मशहूर है. मानसून आते ही शहर और इसके आसपास का इलाका हरियाली की चादर ओढ़ लेता है. अरावली की पहाड़ियां, छोटे-छोटे झरने, बहता पानी और ठंडी हवाएं यहां के नजारों को और भी खास बना देते हैं. यही वजह है कि बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग शहर के आसपास मौजूद प्राकृतिक स्थलों पर घूमने पहुंचते हैं. अगर आप भी इस मानसून उदयपुर आने का प्लान बना रहे हैं तो इन पांच पिकनिक स्पॉट्स को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें.
उदयपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित थूर की पाल मानसून में सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है. यहां पहाड़ों के बीच बहता पानी, छोटी-छोटी झीलें और चारों तरफ फैली हरियाली लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है. बारिश के बाद यहां का नजारा किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता. परिवार और दोस्तों के साथ एक दिन बिताने के लिए यह जगह काफी अच्छी मानी जाती है.हालांकि बारिश के दौरान फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी बरतना जरूरी है.
शहर के पास स्थित मदार गांव भी मानसून में घूमने के लिए शानदार जगह है. यहां की पहाड़ियां, प्राकृतिक रास्ते और हरियाली लोगों को खूब पसंद आती है. बारिश के बाद यहां कई जगहों पर पानी का बहाव देखने को मिलता है, जिससे यह इलाका और भी खूबसूरत नजर आता है. सुबह और शाम के समय यहां का मौसम बेहद सुहावना रहता है, इसलिए बड़ी संख्या में लोग यहां प्रकृति का आनंद लेने पहुंचते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप शांत माहौल और पानी के बीच समय बिताना चाहते हैं तो टीडी डेम आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. बारिश के मौसम में डेम लबालब भर जाता है और इसके आसपास का प्राकृतिक वातावरण मन मोह लेता है. यहां बैठकर बारिश का आनंद लेना, फोटो खींचना और दोस्तों के साथ समय बिताना लोगों को काफी पसंद आता है. सप्ताहांत पर यहां अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है.
मानसून में शिवालिका डेम भी लोगों की पहली पसंद बन जाता है. डेम के आसपास फैली हरियाली और पहाड़ों से गिरता पानी इस जगह की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देता है. बारिश के दिनों में यहां का नजारा बेहद आकर्षक होता है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं मानी जाती. हालांकि तेज बारिश के दौरान प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना जरूरी है.
धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता का अनोखा संगम देखने के लिए कुंडेश्वर महादेव भी बेहतरीन स्थान है. बारिश के मौसम में यहां बहने वाला झरना और मंदिर के आसपास का हराभरा वातावरण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है. सावन के महीने में यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन के साथ-साथ पिकनिक का आनंद लेने भी पहुंचते हैं. यह स्थान परिवार के साथ सुकून भरा समय बिताने के लिए काफी फेमस है.
अगर आप इस मानसून उदयपुर की खूबसूरती को करीब से महसूस करना चाहते हैं तो इन पांच जगहों की सैर जरूर करें. हालांकि बारिश के मौसम में किसी भी पिकनिक स्पॉट पर जाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. तेज बहाव वाले पानी में उतरने से बचें, फिसलन वाली जगहों पर सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.थोड़ी सी सावधानी के साथ आपका मानसून ट्रिप यादगार और सुरक्षित बन सकता है.




