कच्चे तेल के दाम घटने से शेयर बाजार उछला, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता शुरू


कच्चे तेल के दाम में नरमी और बैंक, वित्तीय तथा आईटी शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी लौटी और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बीएसई सेंसक्स 791 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 197 अंक की तेजी रही।

कारोबारियों के अनुसार, इसके अलावा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर की बढ़ती उम्मीद और घरेलू बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों के शुद्ध रूप से लिवाल बनने से भी बाजार को समर्थन को मिला।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04 प्रतिशत के लाभ में रहा। कारोबार के दौरान एक समय यह 989.69 अंक तक चढ़ गया था।

बीएसई में सूचीबद्ध 2,215 शेयर लाभ में रहे, जबकि 2,034 में गिरावट आई। वहीं 181 के भाव अपरिवर्तित रहे।

पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 24,021.65 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत, होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही बेहतर होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट और भारत-अमेरिका के बीच जल्द ही व्यापार समझौता होने की उम्मीद के चलते घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।’’

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, टाटा स्टील, मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img