शेयर बाजार में लौटी रौनक, 4 दिन की गिरावट के बाद सेंसेक्स 483 अंक उछला और सोना-चांदी सुस्त


आकर्षक कीमतों पर खरीदारी, दूरसंचार और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी के चलते सोमवार को मानक सूचकांक सेंसेक्स करीब 483 अंक चढ़ गया। वहीं निफ्टी 22,750 अंक के ऊपर बंद हुआ। इसके साथ ही बाजार में लगातार चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

शुरुआती नुकसान से उबरते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 482.92 अंक या 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,606.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 73,606.75 का उच्च स्तर और 72,514.57 का निचला स्तर छुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 153.20 अंक या 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,753.20 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इंटरग्लोब एविएशन और आईटीसी में उल्लेखनीय बढ़त हुई।

दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, मारुति, एचसीएल टेक और पावर ग्रिड नुकसान में रहने वाले शेयरों में शामिल थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार को शुरुआती नुकसान से उबरने में मूल्य आधारित खरीदारी और धातु, ऊर्जा तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों की मजबूती का समर्थन मिला। हालांकि, कच्चे तेल के ऊंचे दाम, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और प्रमुख केंद्रीय बैंकों के नीतिगत फैसलों के इंतजार ने बाजार की धारणा को नपा-तुला रखा।”

उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह की तेज गिरावट के बाद मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी कुछ सुधार देखने को मिला।

बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.48 प्रतिशत उछला और स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक में 1.45 प्रतिशत की तेजी आई। बीएसई के अन्य सूचकांकों में धातु 2.55 प्रतिशत, दूरसंचार 2.07 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा 1.85 प्रतिशत, सेवाएं 1.79 प्रतिशत, ऊर्जा 1.49 प्रतिशत, जिंस 1.43 प्रतिशत और पूंजीगत वस्तुओं का सूचकांक 1.35 प्रतिशत बढ़ा। दूसरी ओर मझोले निजी बैंक, बीमा, निजी बैंक और आवास वित्त सूचकांकों में गिरावट हुई।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को समाप्त चार सत्रों में सेंसेक्स 1,605 अंक यानी 2.16 प्रतिशत टूट गया था, जबकि निफ्टी में 546 अंक यानी 2.38 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा कि कच्चे तेल के ऊंचे दाम, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और वैश्विक ब्याज दर को लेकर चिंताएं अभी भी बाजार की धारणा पर दबाव बना रही हैं, जिससे यह सुधार अभी शुरुआती और अनिश्चित है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.60 प्रतिशत गिरकर 114.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img