राजनांदगांव — प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत आईसेक्ट क्षेत्रीय कार्यालय, राजनांदगांव द्वारा 8वीं वाहिनी (भा/र) छसबल, राजनांदगांव में तीन दिवसीय ए.आई. (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 मई 2026 से 29 मई 2026 तक आयोजित रहा और इसमें इकाई के तैनात जवानों तथा आवासीय परिसर में निवासरत परिजनों ने भाग लिया।
कार्यशाला का आयोजन श्रीमती नेहा पाण्डेय, सेनानी, 8वीं बटालियन (भा/र) छसबल के मार्गदर्शन में किया गया। उद्घाटन समारोह उप सेनानी श्रीमती गंगा उपाध्याय एवं सहायक सेनानी श्री एच. के. टोण्डर की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूलभूत अवधारणाएँ, दैनिक जीवन में ए.आई. के उपयोग तथा प्रशासनिक कार्यों में ए.आई. के अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डेटा प्रबंधन, दस्तावेज़ निर्माण, डेटा विश्लेषण और सूचना प्रबंधन पर भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा था। जवानों को इंटरनेट सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल फ्रॉड की पहचान और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के व्यावहारिक सुझाव दिए गए। कार्यशाला में ए.आई. आधारित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और टूल्स का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को तकनीक के वास्तविक उपयोग को समझने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बताया कि इस तरह के तकनीकी तथा कौशल-आधारित प्रशिक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता हैं। सेनानी श्रीमती नेहा पाण्डेय ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम इकाई में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि जवान आधुनिक तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनते रहें।






