ठेकवा एनीकट के विस्तार से ठेकवा, कन्हारढबरी, कसारी और हरदी को मिलेगा सिंचाई का लाभ, ग्रामीणों ने उठाई मांग — (विष्णु लोधी)

डोंगरगढ़, 18 अगस्त 2026। डोंगरगांव विधानसभा के ग्राम हरदी में किसान चौपाल के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय जनसंवाद कर सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) विष्णु लोधी ने क्षेत्र की समस्याओं एवं ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना। किसान चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई, सड़क, बिजली एवं कृषि से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।ग्रामीणों ने ठेकवा एनीकट का जलाशय के रूप में विस्तार कर एक अतिरिक्त कैनाल के निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्य से क्षेत्र में सिंचाई का दायरा बढ़ेगा और ठेकवा, कन्हारढबरी, कसारी एवं हरदी सहित आसपास के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा। किसानों के लिए सिंचाई सुविधा का विस्तार खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। ग्रामीणों ने हरदी से बाकल तक सड़क निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही बिजली दरों में की गई पांच बार की बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू करने, स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाने, अधिक बिजली बिल के नाम पर की गई अतिरिक्त वसूली वापस करने तथा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।किसानों ने खाद की कीमतें कम करने एवं समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, ₹3,286 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने तथा पिछले दो वर्षों में समर्थन मूल्य में हुई वृद्धि की राशि किसानों को देने की मांग भी रखी। विष्णु लोधी ने कहा कि पिछले कई दिनों से किसान चौपाल के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर रहा हूं। लगातार जनसंवाद के दौरान यह स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, सड़क, बिजली, खाद, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर अनेक समस्याएं हैं। जनता अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है और सरकार को इन समस्याओं के प्रति गंभीर होकर जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ठेकवा एनीकट का विस्तार और अतिरिक्त कैनाल का निर्माण क्षेत्र के किसानों के लिए दूरगामी लाभ वाला कार्य होगा। ठेकवा, कन्हारढबरी, कसारी और हरदी के किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। सिंचाई का विस्तार होने से किसानों को वर्षा पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी और कृषि को मजबूती मिलेगी। सरकार को इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करनी चाहिए।
विष्णु लोधी ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल योजनाएं घोषित करना नहीं, बल्कि गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना भी है। किसान खाद और बिजली के लिए परेशान हो, ग्रामीण सड़क के लिए इंतजार करें और किसान सिंचाई सुविधा के लिए वर्षों से मांग करते रहें, तो इन सवालों पर सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही तय होना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि किसान चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना और न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए संघर्ष करना है। किसानों एवं ग्रामीणों की सभी जायज मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा और समाधान होने तक जनहित की यह लड़ाई जारी रहेगी। विष्णु लोधी ने कहा कि गांव-गांव में जनता से हो रहे सीधे संवाद में सरकार के कामकाज को लेकर नाराजगी और आक्रोश सामने आ रहा है। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम और अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है। आने वाले समय में किसान, ग्रामीण, युवा और आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

Nemish Agrawal
Nemish Agrawalhttps://tv1indianews.in
Tv Journalist • Editor • Writer Digital Creator • Photographer Travel Vlogger • Web-App Developer IT Cell • Social Worker

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img