Ofbeat Hill Stations: गर्मी बढ़ते ही ज्यादातर लोगों के मन में पहाड़ों का ख्याल आने लगता है, लेकिन जैसे ही शिमला, मनाली, नैनीताल या मसूरी का नाम सामने आता है, ट्रैफिक जाम, होटल की ऊंची कीमतें और पर्यटकों की भीड़ भी याद आ जाती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अब भी भारत में ऐसे हिल स्टेशन बचे हैं, जहां सुकून हो, प्राकृतिक खूबसूरती हो और भीड़-भाड़ से दूर कुछ पल अपने लिए बिताए जा सकें? अच्छी बात यह है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में आज भी कई ऐसे कम चर्चित हिल स्टेशन मौजूद हैं, जो अपनी शांत वादियों, हरियाली और अनोखे अनुभवों के लिए जाने जाते हैं.
यहां न सिर्फ आपको ठंडी हवा और खूबसूरत नजारे मिलेंगे, बल्कि शहर की भागदौड़ से दूर खुद से जुड़ने का मौका भी मिलेगा, अगर आप इस बार गर्मियों की छुट्टियों में किसी नई और कम भीड़ वाली जगह की तलाश में हैं, तो इन सात हिल स्टेशनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.
1. तीर्थन घाटी: जहां नदी की आवाज बनती है सुकून
हिमाचल की छिपी हुई खूबसूरती तीर्थन घाटी उन यात्रियों के लिए बेहतरीन जगह है जो भीड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के करीब स्थित यह घाटी साफ-सुथरी तीर्थन नदी और घने जंगलों के लिए जानी जाती है. यहां ट्राउट फिशिंग, कैंपिंग और जंगल ट्रेकिंग का अनुभव लिया जा सकता है. सुबह की ताजी हवा और नदी के किनारे बैठकर बिताया गया समय लंबे समय तक याद रहता है.
2. चौकोरी: हिमालय का शांत नजारा
चाय बागानों के बीच सुकून चौकोरी कुमाऊं क्षेत्र का एक छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है. यहां से नंदा देवी, पंचाचूली और त्रिशूल जैसी हिमालयी चोटियों का शानदार दृश्य दिखाई देता है.
देवदार के जंगल, चाय के बागान और शांत माहौल इसे परिवार और कपल्स दोनों के लिए खास बनाते हैं, अगर आप मोबाइल और सोशल मीडिया से कुछ दिन दूर रहना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल सही है.
3. जिभी: लकड़ी के कॉटेज और सेब के बगीचे
धीमी रफ्तार में जीने का एहसास जिभी पिछले कुछ सालों में ट्रैवलर्स के बीच लोकप्रिय जरूर हुआ है, लेकिन यहां अब भी बड़े हिल स्टेशनों जैसी भीड़ नहीं मिलती. लकड़ी के पारंपरिक घर, हरे-भरे जंगल और छोटे-छोटे कैफे इस जगह को खास बनाते हैं. यहां जलोरी पास और सेरोलसर झील की ट्रेकिंग भी की जा सकती है, अगर आप वर्क फ्रॉम माउंटेन का अनुभव लेना चाहते हैं, तो जिभी अच्छा विकल्प हो सकता है.
4. मशोबरा: शिमला के पास, लेकिन शोर से दूर
प्रकृति के करीब बिताएं कुछ दिन मशोबरा शिमला से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन यहां का माहौल काफी शांत है. देवदार, ओक और चीड़ के पेड़ों से घिरा यह इलाका उन लोगों को पसंद आता है जो आराम से छुट्टियां बिताना चाहते हैं. यहां आप नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और स्थानीय गांवों की सैर का आनंद ले सकते हैं.
5. हाफलोंग: पूर्वोत्तर भारत का अनमोल खजाना
असम का इकलौता हिल स्टेशन हाफलोंग को अक्सर “व्हाइट एंट हिल” के नाम से भी जाना जाता है. पहाड़ियों, झीलों और चाय बागानों से घिरी यह जगह अपनी आदिवासी संस्कृति के लिए भी मशहूर है.
यहां का स्थानीय खानपान और पारंपरिक जीवनशैली यात्रियों को एक अलग अनुभव देती है, अगर आप पूर्वोत्तर भारत को करीब से जानना चाहते हैं, तो हाफलोंग जरूर जाएं.
6. मुनस्यारी: स्विट्जरलैंड जैसी वादियों का एहसास
एडवेंचर प्रेमियों की पसंद मुनस्यारी कुमाऊं हिमालय की गोद में बसा एक खूबसूरत कस्बा है. सर्दियों में यहां की बर्फ से ढकी वादियां किसी विदेशी डेस्टिनेशन जैसी लगती हैं. ट्रेकिंग, फोटोग्राफी और हिमालयी नजारों के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है. पंचाचूली चोटियों का दृश्य यहां आने वाले पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है.
7. यरकौड: दक्षिण भारत का शांत ठिकाना
कम खर्च में शानदार छुट्टियां यरकौड दक्षिण भारत के उन हिल स्टेशनों में शामिल है, जहां अब भी अपेक्षाकृत कम भीड़ रहती है. कॉफी बागान, झीलें और ठंडा मौसम इसे परिवारों के लिए पसंदीदा बनाते हैं. यहां का खर्च भी ऊटी और कोडाइकनाल की तुलना में कम माना जाता है.
बदल रही है यात्रियों की पसंद
पिछले कुछ वर्षों में लोग भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों की बजाय शांत और कम चर्चित जगहों को प्राथमिकता देने लगे हैं. सोशल मीडिया पर भी अब ऐसे डेस्टिनेशन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, जहां प्रकृति के बीच सुकून से समय बिताया जा सके. अगर आप भी इस गर्मी कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं, तो इन अनछुए हिल स्टेशनों का रुख कर सकते हैं. यहां आपको न सिर्फ खूबसूरत नजारे मिलेंगे, बल्कि अपने लिए कुछ सुकून भरे पल भी मिलेंगे.




