Reverse vacation In Trend : फाइव-स्टार होटल भूलिए, अब ‘रिवर्स वेकेशन’ का है जमाना; जहाँ असुविधा है असली रोमांच


Reverse Vacation Trend : छुट्टी का नाम सुनते ही आपके दिमाग में क्या आता है? फाइव-स्टार होटल, बड़ा सा स्विमिंग पूल, एसी कमरा, बुफे नाश्ता और हर सुविधा दरवाजे पर. लेकिन अगर कोई आपसे कहे कि अगली छुट्टी में इन सबको छोड़कर ऐसी जगह जाइए, जहां इंटरनेट कमजोर हो, कमरे में टीवी न हो और खाना भी आपको खुद तलाशना पड़े, तो शायद आप हैरान हो जाएं. यही सोच इन दिनों ‘रिवर्स वेकेशन’ के नाम से चर्चा में है.

आखिर क्या है यह ‘रिवर्स वेकेशन’?
रिवर्स वेकेशन का सीधा-सा मतलब है—ऐसी छुट्टी चुनना जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से ज्यादा आरामदायक न हो, बल्कि थोड़ी कम सुविधाजनक हो. यानी हम जिस आराम और लग्जरी को पाने के लिए वेकेशन पर जाते हैं, उससे बिल्कुल उलट अनुभव चुनना.

इस ट्रेंड के तहत लोग महंगे रिसॉर्ट्स की जगह छोटे होमस्टे, दूरदराज के गांवों या ऑफ-ग्रिड केबिन में रहना पसंद कर रहे हैं. इसका मकसद जानबूझकर खुद को तकलीफ देना नहीं, बल्कि कुछ दिनों के लिए अपनी सुख-सुविधाओं और स्क्रीन की दुनिया से दूरी बनाना है.

बढ़ती भागदौड़ के बीच क्यों बढ़ रहा है इसका क्रेज?
आज के दौर में शहर की जिंदगी ऐसी हो गई है कि हर चीज बस एक क्लिक दूर है—खाना मंगवाना हो, कैब बुक करनी हो या किसी से बात करनी हो. यहाँ तक कि छुट्टियां प्लान करना भी अब एक तनाव भरा काम बन गया है.

यहीं पर रिवर्स वेकेशन राहत बनकर आता है. सोचिए, अगर आप किसी महानगर की भागदौड़ से दूर किसी शांत पहाड़ी गांव के साधारण होमस्टे में चले जाएं, जहाँ न 24 घंटे फूड डिलीवरी है और न ही सुपरफास्ट इंटरनेट. ऐसे में जिंदगी की रफ्तार थोड़ी धीमी हो जाती है और छोटी-छोटी चीजों की असली कीमत समझ आने लगती है.

असुविधा क्यों लग रही है इतनी रोमांचक?
मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि हम एसी, ऑनलाइन सर्विसेज और तेज इंटरनेट के इतने आदी हो चुके हैं कि इन्हें अपनी ‘जरूरत’ समझने लगे हैं. इनसे कुछ समय की दूरी हमें इनकी असली अहमियत का अहसास कराती है.

शुरुआत में हो सकता है कि वाई-फाई न मिलने या टीवी न होने पर एक पल के लिए बोरियत महसूस हो, लेकिन वही खामोशी और खुला आसमान दूसरी शाम से सुकून देने लगता है. इसी बदलाव और मानसिक शांति का नाम ‘रिवर्स वेकेशन’ है.

रिवर्स वेकेशन केा एडवेंचरस बनाने का तरीका:

डिजिटल डिटॉक्स को चैलेंज की तरह लेना:  लोग अपनी मर्जी से ऐसे इलाकों में जा रहे हैं जहाँ मोबाइल नेटवर्क या इंटरनेट बिल्कुल नहीं आता. स्क्रीन से पूरी तरह कट जाना और सिर्फ आसपास के माहौल पर ध्यान देना उनके लिए एक मानसिक एडवेंचर बन गया है.

रफ एंड टफ (Rough & Tough) स्टे: लग्जरी कमरों की जगह मिट्टी के घरों, टेंट, ट्री-हाउस या जंगलों के बीच बने ‘ऑफ-ग्रिड’ केबिन में रहना, जहाँ बिजली या पानी की सप्लाई भी सीमित होती है.

लोकल लाइफ और सर्वाइवल स्किल्स: अनजान जगहों पर जाकर वहां के स्थानीय लोगों की तरह जीना, खुद लकड़ी जलाकर खाना बनाना, स्थानीय बाजार से कच्चा सामान लाना और बिना किसी गाइड के पैदल लंबी ट्रेकिंग करना.

असुविधाओं से मुकाबला: एयर कंडीशनर और वाई-फाई जैसी सुविधाओं के बिना पसीना बहाना, प्राकृतिक हवा में रहना और हर छोटी चीज के लिए खुद पर निर्भर रहना—यह सब उनके लिए एक नया और अनूठा रोमांच पैदा करता है.

संक्षेप में कहें तो, आधुनिक सुख-सुविधाओं से बाहर निकलकर प्रकृति और अपनी मूल क्षमताओं के करीब लौटना ही उनके लिए सबसे बड़ा एडवेंचर बन गया है.

छुट्टी का मतलब सिर्फ यह दिखाना नहीं है कि आपने कितनी लग्जरी जगह पर समय बिताया. कभी-कभी यह महसूस करना भी बहुत जरूरी होता है कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी सुविधाएं कितनी बड़ी हैं. शायद इसी खूबसूरत अहसास की तलाश में आज के ट्रैवलर्स ‘रिवर्स वेकेशन’ की राह पर निकल पड़े हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img