Last Updated:
बिहार का इकलौता वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) लगातार पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है. मानसून के चलते जंगल सफारी फिलहाल बंद होने के बावजूद यहां प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और वन्यजीवों का दीदार करने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं. वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में 14.81 लाख से अधिक पर्यटकों ने VTR का रुख किया है और हर साल यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है. यही वजह है कि ‘बिहार का कश्मीर’ कहलाने वाला यह टाइगर रिजर्व राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है.
बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में सफारी का सिलसिला तो थम गया है, लेकिन इसके बावजूद भी पर्यटकों का झुंड यहां कुदरत की खूबसूरती और घने जंगलों का दीदार करने पहुंच रहा है.

वीटीआर के प्रति सैलानियों का आकर्षण इतना बढ़ा है कि उनकी संख्या ने वीटीआर के ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. मॉनसून के आगमन के साथ वन विभाग ने यहां गंडक और जंगल में सफारी के सिलसिले को बंद कर दिया है.

इसके साथ ही हर वर्ष पर्यटकों की बढ़ती संख्या का आंकड़ा भी प्रस्तुत किया है. तो हम आपको बिहार का कश्मीर कहे जाने वाले वाल्मीकि टाइगर रिजर्व और सैलानियों में उसके क्रेज की कुछ खास जानकारी साझा कर रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023-2024 के पूरे सत्र में यहां कुल 3,22,071 पर्यटक पहुंचे थे. इनमें से 1,67,521 पर्यटक सशुल्क भ्रमण करने पहुचे थे. वहीं 1,54,550 पर्यटक निःशुल्क भ्रमण के लिए पहुंचे थे. कुछ इसी तरह वर्ष 2024-2025 में यहां 4,80,680 पर्यटकों का आगमन हुआ था, जिनमें से 1,50,000 पर्यटक सशुल्क और 3,30,680 पर्यटक निःशुल्क घूमने के लिए पहुंचे थे.

वर्ष 2025-2026 में भी पर्यटकों पर वीटीआर का खुमार खूब चढ़ा और 6,09,159 पर्यटक यहां के विभिन्न रेंजों में घूमने के लिए पहुंचे. इनमें चार्ज देकर घूमने वाले पर्यटकों की संख्या 1,53,601 थी. बिना किसी शुल्क के घूमने वाले पर्यटकों की संख्या 4,55,558 थी.

अब बात कर लेते हैं वर्ष 2026-2027 के अप्रैल–मई महीने तक VTR पहुंचे पर्यटकों की, तो विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कुल 69,618 पर्यटकों ने यहां के विभिन्न रेंजों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. इनमें 20,166 सशुल्क और 49,452 निःशुल्क पर्यटक शामिल थे.

कुल मिलाकर कहें तो बीते तीन वर्षों में यहां 14,81,528 पर्यटक आ चुके हैं. बड़ी बात यह है कि हर वर्ष के साथ यहां सफारी करने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इज़ाफ़ा हुआ है. वर्ष 2021-2022 में क़रीब 11,538, वर्ष 2022-2023 में 17,198, वर्ष 2023-2024 में 23,550, वर्ष 2024-2025 में 29,196, वर्ष 2025-2026 में 33,224 और वर्ष 2026-2027 में अप्रैल से जून महीने तक कुल 14,040 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया है.




