नौतपा में थोड़ी सी भी लापरवाही सेहत के लिए होगी घातक, जानें पूरे 9 दिन क्या करें, क्या न करें


Nautapa 2026 dos and donts: देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. इसी बीच सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जो 2 जून तक जारी रहेगा. माना जाता है कि इन नौ दिनों में सूर्य की तपिश सबसे अधिक होती है, जिससे गर्मी और लू का असर काफी बढ़ जाता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों और डब्ल्यूएचओ (World Health Organization) ने चेतावनी दी है कि इस दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है. खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग अधिक जोखिम में रहते हैं.

नौतपा में क्यों बढ़ जाता है खतरा?

नौतपा के दौरान तापमान तेजी से बढ़ता है, जिससे शरीर में पानी की कमी, लू लगना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा अधिक हो जाता है. लंबे समय तक धूप में रहने या पर्याप्त पानी न पीने से स्थिति गंभीर हो सकती है.

भीषण गर्मी में क्या करें?

शरीर को हाइड्रेटेड रखें

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है. कोशिश करें कि रोजाना 3 से 4 लीटर पानी जरूर पिएं. जरूरत पड़ने पर ओआरएस, नींबू पानी या नमक-चीनी का घोल भी ले सकते हैं.

हल्के और सूती कपड़े पहनें

गर्मी में ढीले, हल्के रंग के और सूती कपड़े पहनना बेहतर रहता है, क्योंकि ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं.

धूप में निकलते समय रखें सुरक्षा

अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर, चेहरा और गर्दन को अच्छी तरह ढकें. टोपी, छाता, गमछा या स्कार्फ का इस्तेमाल करें ताकि सीधी धूप से बचाव हो सके.

दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच गर्मी सबसे ज्यादा होती है. ऐसे समय में घर के अंदर रहना सुरक्षित माना जाता है.

गर्मी में क्या न करें?

अधिक गर्मी में मेहनत वाले काम करने से शरीर जल्दी थक सकता है और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है.

बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें.

बंद वाहन के अंदर तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है.

डिहाइड्रेशन बढ़ाने वाले पेय पदार्थ कम पिएं. शराब, ज्यादा चाय-कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स और फिजी ड्रिंक्स शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं, इसलिए इनसे दूरी बनाना बेहतर है.

बेवजह बाहर घूमने से बचें. जरूरत न हो तो तेज धूप में बाजार या अन्य जगहों पर जाने से बचें.

किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?

यदि चक्कर आना, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी या थकान महसूस हो तो इसे सामान्य न समझें. ऐसे लक्षण हीट स्ट्रोक या डिहाइड्रेशन का संकेत हो सकते हैं. स्थिति बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

एक्सपर्ट्स की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा के दौरान शरीर का तापमान संतुलित रखना सबसे जरूरी है. हल्का, ताजा और आसानी से पचने वाला भोजन लें और पर्याप्त आराम करें. सही सावधानी अपनाकर भीषण गर्मी के असर से काफी हद तक बचा जा सकता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img