Health Tips: गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है, लेकिन देहरादून के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सिराज सिद्दीकी के अनुसार जरूरत से ज्यादा पानी पीना सेहत के लिए उतना ही नुकसानदेह हो सकता है जितना कि कम पीना. पानी की सही मात्रा व्यक्ति की उम्र और वजन पर निर्भर करती है. जैसे 9 से 13 साल के बच्चों को लगभग 2 लीटर और वयस्कों को अपने वजन के प्रति किलोग्राम पर 30 से 35 मिलीलीटर पानी पीना चाहिए (उदाहरण के तौर पर 40 किलो वजन पर 2 लीटर और 80 किलो पर 3 लीटर). यदि हम अपनी शारीरिक जरूरत से अधिक पानी पीते हैं, तो इससे किडनी पर काम का अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है, जिससे वह शरीर से टॉक्सिन्स को प्रभावी ढंग से बाहर नहीं निकाल पाती. इसका सबसे गंभीर परिणाम हाइपोनेट्रेमिया के रूप में सामने आ सकता है, जिसमें खून में पानी अधिक होने से सोडियम का स्तर खतरनाक रूप से गिर जाता है और शरीर की कोशिकाओं में सूजन आने लगती है, जो मस्तिष्क और अन्य अंगों के लिए जानलेवा हो सकती है. इसलिए स्वस्थ रहने के लिए हमेशा सही नियम और सही मात्रा में ही पानी का सेवन करना चाहिए.





