जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस “आर्थिक नाकामी” पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि मोदी सरकार की ‘‘जनविरोधी नीतियों’’ की वजह से देश लगातार आर्थिक संकट की तरफ जा रहा है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से सरकार को इस स्थिति के प्रति बार-बार आगाह करती रही है। 44 महीने में सबसे भीषण थोक महंगाई (9.87 प्रतिशत), ईंधन-बिजली में 27.4 प्रतिशत की आग के बीच इस बार तीन साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर खेती की बुवाई हुई है।”
उन्होंने कहा कि आम जनता बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से पस्त है और ‘‘देश का अन्नदाता सरकार की गलत नीतियों एवं मौसम की दोहरी मार से त्रस्त है।’’
उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने से उद्योगों की लागत भी बढ़ चुकी है।




