मौजूदा मुश्किलें शायद इसलिए भी पैदा हुई हैं, क्योंकि रतन टाटा अंत तक ग्रुप पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ पाए। टाटा संस के चेयरमैन पद से रिटायर होने के बाद भी, रतन टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के प्रमुख के तौर पर समूह पर अपना नियंत्रण बनाए रखा, क्योंकि टाटा ट्रस्ट्स ही टाटा संस का मुख्य शेयरधारक है। और भले ही रतन टाटा जानते होंगे कि अन्य कॉरपोरेट समूहों में उत्तराधिकार की लड़ाइयां कैसे होती हैं, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया कि उनके बाद ऐसी कोई नौबत न आए। उन्होंने यह भी साफ करना ज़रूरी नहीं समझा कि उनके बाद ट्रस्टों का नियंत्रण किसके पास होगा।
रतन टाटा चाहते थे कि टाटा संस के चेयरमैन के चुनाव और अन्य अहम फैसलों पर वीटो का अधिकार टाटा ट्रस्ट्स के पास रहे। वह नहीं चाहते थे कि टाटा संस लिस्टेड हो। इन दोनों मुद्दों पर नोएल की राय रतन टाटा से अलग नहीं है।
जहां नोएल चाहते हैं कि टाटा संस एक प्राइवेट कंपनी बनी रहे, वहीं दूसरा सबसे बड़ा शेयरहोल्डर- शापूरजी पलोनजी ग्रुप, जिसके पास टाटा संस की लगभग 18.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है, इसकी लिस्टिंग कराने का खासा इच्छुक है। इससे उन्हें अपने शेयरों की वैल्यू अनलॉक करने में मदद मिलेगी। ‘मिंट’ की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, शापूरजी मिस्त्री पिछले एक साल से लगातार रिजर्व बैंक के पास पैरवी कर रहे हैं और टाटा संस की लिस्टिंग के लिए जोर डाल रहे हैं।
1868 में अपनी स्थापना के बाद से इस समूह ने कई तूफानों का सामना किया है और उनसे पार भी पाया है, लेकिन इस बार का यह मौजूदा संकट बड़े स्थायी नुकसान की चेतावनी दे रहा है।
(प्रोसेनजीत दत्ता अनुभवी बिज़नेस पत्रकार और लेखक हैं)




