डोंगरगढ़, छत्तीसगढ़: श्री दिगम्बर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र चंद्रगिरि, डोंगरगढ़ में संत शिरोमणि 108 आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी एवं विद्यानिधि 108 आचार्य श्री समयसागर महाराज जी का जन्मोत्सव शरद पूर्णिमा महोत्सव के रूप में दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को पूरे धूमधाम से मनाया गया। आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी की आज्ञानुवर्ती शिष्या 105 श्री शैलमति माता जी एवं 105 श्री अदुरमति माता जी के पावन सानिध्य में हुआ।

प्रातःकाल भगवान का विधिवत अभिषेक, पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी के स्थापित चरणों का 108 कलशों से भव्य अभिषेक किया गया तथा आचार्य श्री विद्यासागर विधान संपन्न हुआ। दोपहर 12 बजे से आसपास के सात गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें डोंगरगढ़ की सुप्रसिद्ध संगीतकार श्रीमती सोनल जैन के मधुर भजनों से उपस्थित गुरुभक्त भक्तिमय वातावरण में आनंदित हुए।

इस अवसर पर जैन समाज डोंगरगढ़ के अध्यक्ष श्री अनिल जैन, कोषाध्यक्ष श्री जयकुमार जैन, सचिव श्री सुरेश चंद जैन, श्री निर्मल जैन, श्री महेंद्र जैन, श्री सुभाष चंद जैन सहित सभी ट्रस्टियों ने आदरणीय अध्यक्ष सेठ श्री किशोर जैन के चंद्रगिरि के विकास में अथक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में श्री सप्रेम जैन, श्री सोपान जैन, श्री अमित जैन, श्री दीपेश जैन, श्री शैलेश जैन, श्री आलोक जैन, जैन समाज के उपाध्यक्ष श्री निशांत जैन (सोनू) तथा श्री दिगम्बर जैन समाज महिला मंडल डोंगरगढ़ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी का जन्म शरद पूर्णिमा के पावन दिन हुआ था और वे चंद्रगिरि, डोंगरगढ़ से गहरे जुड़े रहे। इस आयोजन की जानकारी श्री निशांत जैन (निशु) द्वारा दी गई।




