Last Updated:
Shringi Rishi Dham Tourist Spot: बारिश के मौसम में जंगलों का एक अलग ही स्वरूप सामने आता है. लखीसराय जिले के कजरा और चानन के घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित श्रृंगी ऋषि धाम का नजारा बारिश के किसी हिल स्टेशन जैसा हो गया है. शहर की भागदौड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए अच्छी हो सकती है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
यहां जंगली रास्ते, पहाड़ी इलाके और चारों तरफ घने जंगलों के बीच का सफर आपको एक अलग ही रोमांच देगा. यहां घूमने के साथ-साथ आपको आस्था का संगम भी देखने को मिलेगा. यहां की वादियां आपको मोहित कर लेंगी और यहां के रास्ते आपको एक अलग ही अनुभव देंगे. अगर आप कहीं घूमना चाहते हैं तो ये जगह आपके लिए बेस्ट है. यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं.
श्रृंगी ऋषि धाम धार्मिक और पौराणिक रूप से भी काफी खास माना जाता है. मान्यता है कि रामायण काल में महर्षि श्रृंगी ने इसी पहाड़ी पर तपस्या की थी. कहा जाता है कि उन्होंने अयोध्या के राजा दशरथ के लिए पुत्रकामेष्टि यज्ञ कराया था. पहाड़ की गुफा में स्थित प्राचीन शिवलिंग और महर्षि की तपोस्थली आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है. ऐसे में यहां भक्त पूजा-पाठ के लिए भी आते हैं.
बारिश के दिनों में यहां के प्राकृतिक जलस्रोत और कुंड में भी पानी जमा हो गया है, जिस कारण इसकी खूबसूरती काफी बढ़ गई है. पहाड़ियों से बहकर आने वाला पानी इन बड़े जलाशयों में जमा होता है. एक तरफ घने जंगल और ऊंचे पहाड़, दूसरी तरफ पहाड़ की तलहटी में पानी से लबालब भरा जलकुंड और बीच में टेढ़े-मेढ़े जंगली रास्ते आपको याद रह जाएंगे. यहां आप सेल्फी लेकर अपने इस समय को यादगार भी बना सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बारिश के बाद पहाड़ियों पर हरियाली और ज्यादा बढ़ गई है. दूर तक फैली हरी पहाड़ियां, तालाब और बादलों से घिरी चोटियां यहां आने वाले लोगों को खूब आकर्षित करती हैं. प्रकृति और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए यह जगह काफी अच्छी पसंद हो सकती है. इसकी खूबसूरती कश्मीर और मनाली के वादियों को भी टक्कर देती है.
अगर आप ट्रैकिंग और एडवेंचर का शौक रखते हैं, तो आपके लिए ये जगह एकदम परफेक्ट है. श्रृंगी-ऋषि आश्रम से ऊपर एक ट्रेकिंग का रास्ता भी बना हुआ है. कहा जाता है कि ऊपर एक कुआं है, जहां तक लोग ट्रैकिंग करते हैं. इसलिए ये एडवेंचर भी यहां काफी खास है. यहां बारिश के सीजन में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
श्रृंगी ऋषि धाम लखीसराय जिला मुख्यालय और किऊल रेलवे जंक्शन से करीब 25 से 30 किलोमीटर की दूरी पर बताया जाता है. किऊल रेलवे स्टेशन से कजरा या चानन की ओर सड़क मार्ग से यहां पहुंचा जा सकता है. निजी वाहन के अलावा स्थानीय स्तर पर ऑटो और टैक्सी की सुविधा भी मिल जाती है. यहां आने में आपको किसी भी कठिनाई का सामना भी नहीं करना पडे़ेगा.




