कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में शिक्षा, रोजगार, छात्र, महिला और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहा है। राहुल गांधी जी मजबूती के साथ हर वर्ग की आवाज उठा रहे हैं और सरकार को हर मोर्चे पर लगातार चेता रहे हैं। इसी से प्रभावित होकर विभिन्न पार्टियों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस पार्टी से जुड़ रहे हैं और मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत कर रहे हैं। क्योंकि देश पहले है, देश से बढ़कर कुछ नहीं है। देश बचेगा, तभी छात्र, शिक्षा, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम होगा।
आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वह एआईएमआईएम के मुख्य प्रवक्ता रहे हैं और कई राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वकार ने हमेशा देश, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाया है और लोकतंत्र को मजबूत करने की बात की है। राहुल गांधी देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जिस तरह दिन-रात काम कर रहे हैं, उससे प्रभावित होकर आसिम वकार ने एआईएमआईएम छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। वकार के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी और लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।




