सावन में शिव भक्तों के लिए तगड़ा इंतजाम, बाबा बैद्यनाथ और मां कामाख्या का दर्शन हुआ आसान, देवघर से गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान


Last Updated:

सावन में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. अब देवघर से मां कामाख्या धाम का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा.आखिर कब से शुरू होगी सीधी हवाई सेवा, किन दिनों में मिलेगी फ्लाइट और क्या रहेगा पूरा शेड्यूल बताते हैं इस रिपोर्ट में?

ख़बरें फटाफट

परमजीत/देवघर: श्रावनी मेले में एक और सौगात संथाल परगना को मिलने वाला है. बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर से अब पूर्वोत्तर भारत का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है. चार अगस्त से देवघर एयरपोर्ट से गुवाहाटी के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने वाली है. इस नई फ्लाइट के शुरू होने से न सिर्फ झारखंड, बल्कि बिहार और आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी. खास बात यह है कि बाबा बैद्यनाथ धाम और मां कामाख्या मंदिर जैसे देश के दो बड़े शक्ति और आस्था केंद्र अब सीधे हवाई मार्ग से जुड़ जाएंगे. श्रावणी मेले के बीच शुरू हो रही यह सेवा धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार देने वाली मानी जा रही है. अब तक पूर्वोत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को कोलकाता, दिल्ली या दूसरे शहरों के रास्ते जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सफर काफी आसान और कम समय में पूरा हो सकेगा.

जानिए क्या रहेगा समय सारणी
देवघर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर सूर्या ने जानकारी देते हुए कहा कf यह विमान सप्ताह में दो दिन यानी मंगलवार और शुक्रवार को उड़ान भरेगा. विमान सुबह करीब 11 बजकर 20 मिनट देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगा और लगभग 11बजकर 40 मिनट गुवाहाटी के लिए उड़ान भरेगा. इससे पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों, छात्रों और धार्मिक यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी. खासकर सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु अब आसानी से गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर की यात्रा भी कर सकेंगे. इसी तरह पूर्वोत्तर भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी देवघर पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा.

दिल्ली के लिए शुरू होगी रात्रि विमान सेवा
सिर्फ गुवाहाटी ही नहीं, बल्कि देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए भी एक अगस्त से रात्रिकालीन विमान सेवा दोबारा शुरू होने जा रही है. इससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ा विकल्प मिलेगा. एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले को देखते हुए यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसी वजह से उड़ानों की मांग भी तेजी से बढ़ी है. आने वाले दिनों में यदि यात्रियों की संख्या इसी तरह बनी रही तो भविष्य में अन्य शहरों के लिए भी नई उड़ानों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

गुवाहाटी के अलावा इन शहरों के लिए शुरू हुई हवाई सेवा
देवघर एयरपोर्ट लगातार पूर्वी भारत के एक महत्वपूर्ण हवाई केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. बीते कुछ वर्षों में यहां से दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों के लिए विमान सेवाएं शुरू होने के बाद अब गुवाहाटी का जुड़ना भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटन उद्योग, होटल व्यवसाय, टैक्सी संचालकों और छोटे व्यापारियों को भी मिलने की उम्मीद है. सावन के महीने में लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं और ऐसे समय में नई उड़ानों का संचालन शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा.

एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि श्रावणी मेले के दौरान सभी प्रमुख रूटों पर यात्रियों की संख्या में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. इसी को ध्यान में रखते हुए उड़ानों का संचालन तय समय पर किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.नई हवाई सेवा शुरू होने से देवघर का धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व और भी बढ़ेगा. अब बाबा बैद्यनाथ के दरबार से मां कामाख्या के दरबार तक का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगा. यह नई कनेक्टिविटी न केवल श्रद्धालुओं के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के पर्यटन और आर्थिक विकास के लिहाज से भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.

About the Author

Rajneesh Singh

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img