वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों से भीषण तबाही, कई इमारतों को नुकसान, 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका


वेनेजुएला में आए लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश में दहशत फैला दी है। राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचने और दीवारें गिरने की खबरें सामने आई हैं। हजारों लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। इस बीच यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है।

एक मिनट के भीतर आए दो बड़े भूकंप

USGS के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसे बाद में संशोधित कर 7.2 कर दिया गया। इसका केंद्र वेनेजुएला के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन इलाके के पश्चिम में था और इसकी गहराई करीब 22 किलोमीटर दर्ज की गई। पहले झटके के ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दूसरे भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी और इसका केंद्र मोरोन से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले इन भूकंपों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। झटकों का असर इतना व्यापक था कि करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक इमारतों को खाली कराना पड़ा।

काराकस में लोग घरों से बाहर भागे

इन भूकंपों को वेनेजुएला में पिछले एक सदी से अधिक समय के दौरान आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में गिना जा रहा है। राजधानी काराकस में लोगों ने इमारतों को हिलते हुए महसूस किया और बड़ी संख्या में लोग घरों, दफ्तरों और अन्य भवनों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में दीवारें गिर गईं, जबकि कुछ जगहों पर सड़क से ही घरों के अंदर रखा फर्नीचर दिखाई देने लगा।

काराकस के दो इलाकों में धूल के बड़े गुबार भी देखे गए। ये वे इलाके हैं जहां आमतौर पर रेस्तरां और अन्य कारोबारी गतिविधियों के कारण काफी चहल-पहल रहती है। भूकंप के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सरकार की प्रतिक्रिया पर उठे सवाल

बुधवार देर रात कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने कहा कि वह देश को संबोधित करने की तैयारी कर रही थीं। हालांकि, भूकंप आने के करीब तीन घंटे बाद तक सरकार की ओर से किसी के घायल होने या मौत की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। इसे लेकर राजनेताओं और कई नागरिकों ने उनकी आलोचना की।

फिलहाल हालात पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लगातार आए इन दो बड़े भूकंपों ने पूरे वेनेजुएला को झकझोर दिया है और संभावित तबाही को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img