Gold-Silver Price Today: अचानक चमके सोना-चांदी के दाम, खरीदारी से पहले चेक करें ताजा रेट


अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के बीच हफ्ते के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में मजबूत तेजी देखने को मिली। सोमवार को कीमती धातुओं में निवेशकों की खरीदारी बढ़ी, जिसके चलते सोना और चांदी दोनों ने शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का रुख बना रहा।

सोने में गिरावट के बाद लौटी तेजी

अगस्त डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,47,203 रुपये प्रति 10 ग्राम से 2,093 रुपये नीचे 1,45,110 रुपये पर खुला। हालांकि शुरुआती दबाव के बाद बाजार में खरीदारी बढ़ी और सोना 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,48,180 रुपये प्रति 10 ग्राम के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।

खबर लिखे जाने तक सुबह करीब 11 बजे सोना 849 रुपये यानी 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,48,052 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, एमसीएक्स गोल्ड ने 1,46,000 रुपये के आसपास गैप-डाउन शुरुआत की, लेकिन निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने से कीमतों में रिकवरी देखने को मिली। एक्सपर्ट का मानना है कि यदि सोना 1,48,000 से 1,48,400 रुपये के रेजिस्टेंस जोन के ऊपर टिकता है तो तेजी बढ़कर 1,49,500 से 1,50,000 रुपये और बाद में 1,51,000 रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं 1,46,000 से 1,45,600 रुपये का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है।

चांदी में 1 प्रतिशत से ज्यादा उछाल

जुलाई डिलीवरी वाली चांदी में सोने के मुकाबले और मजबूत तेजी दर्ज की गई। चांदी 2,715 रुपये यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 2,35,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखाई दी। सत्र की शुरुआत में यह अपने पिछले बंद 2,33,185 रुपये से 3,903 रुपये या 1.6 प्रतिशत की छलांग लगाकर 2,37,088 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली।

शुरुआती कारोबार के दौरान चांदी 2,37,106 रुपये प्रति किलोग्राम के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कीमतें 2,37,000 से 2,38,000 रुपये के रेजिस्टेंस जोन को पार कर लेती हैं तो तेजी का अगला लक्ष्य 2,40,000 से 2,42,000 रुपये तक हो सकता है। हालांकि 2,35,000 से 2,34,000 रुपये के नीचे फिसलने पर चांदी 2,32,000 और फिर 2,30,000 रुपये तक जा सकती है।

कच्चे तेल में दबाव, निवेशकों की नजर बाजार पर

ऊर्जा बाजार में सोमवार को दबाव देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2 प्रतिशत से अधिक गिरकर करीब 79 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड में 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव लगभग 75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है, लेकिन सोना और चांदी में हालिया रिकवरी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। उनके मुताबिक सोने के लिए 1,50,000 रुपये और चांदी के लिए 2,40,000 रुपये का स्तर आगे की तेजी की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img