राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का संचालन पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में किया गया।
जिला पुलिस, RPF, GRP एवं रेलवे विभाग ने मिलकर स्टेशन व प्लेटफार्म परिसर की सघन सुरक्षा जांच की और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का वास्तविक अभ्यास किया।

अभ्यास में मुंबई से भुवनेश्वर जा रही लोकमान्य तिलक स्पेशल और बिलासपुर से दिल्ली जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की सुरक्षा चेकिंग की गई। मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ के कारण भगदड़, यात्रियों का अचानक बेहोश होना और संदिग्ध लावारिस बैग जैसी आपातस्थितियों का परिदृश्य रचा गया और उन पर त्वरित कार्रवाई का सफल अभ्यास किया गया।
संयुक्त टीम ने भीड़ नियंत्रण कर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया तथा आपातकालीन निकासी मार्ग, फुट ओवर ब्रिज (FOB) और अन्य संसाधनों का उपयोग कर व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित की। भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षा घेराबंदी, संदिग्ध वस्तु जांच व समन्वित बचाव कार्यवाई में सभी विभागों का तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया दिखाई दी।

अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और यात्रियों को सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से चेक किया गया। मौजूद अधिकारियों में रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र कुमार, थाना प्रभारी बसंतपुर एमन साहू, थाना प्रभारी लालबाग रमेश पटेल, चौकी प्रभारी तुमड़ीबोड़ दिलीप पटेल, RPF प्रभारी तरुणा साहू, GRP जनक लाल तिवारी, BDDS टीम, डॉग स्क्वायड तथा रेलवे स्टेशन के सुपरवाइजर व अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों का समावेश था।






