दुनिया की खबरें: ईरानी मीडिया का दावा डील तैयार: अमेरिका ईरानी क्षेत्र से हटाएगा सेना? खुलेगा होर्मुज!


ईरान के विभिन्न मीडिया आउटलेट्स ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिका के साथ संभावित समझौते का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार दोनों देशों के बीच अनौपचारिक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग का शुरुआती प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस एमओयू से होर्मुज खुलने की राह आसान हो गई है।

ड्राफ्ट के अनुसार ईरान एक महीने के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल शिपिंग को संघर्ष से पहले के स्तर पर बहाल करेगा। इसके बदले अमेरिका अपनी सैन्य मौजूदगी ईरानी इलाकों के इर्द गिर्द से कम करेगा और नौसैनिक घेराबंदी हटाएगा। दावा ये भी है कि तेहरान को अमेरिका के साथ संघर्ष समाप्त करने को लेकर एक अनौपचारिक मसौदे की एक प्रति मिल गई है।

इस प्रस्ताव के अनुसार, अमेरिका अपने सैन्य बलों को ईरान के आसपास के क्षेत्रों से हटाने पर सहमत हो सकता है। बदले में ईरान यह अनुमति देगा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही 30 दिनों के भीतर युद्ध-पूर्व स्तर पर लौट आएगी।

ईरान की मिजान समाचार एजेंसी ने भी प्रस्तावित ड्राफ्ट फ्रेमवर्क के और विवरण जारी किए हैं, जिसमें बहु-स्तरीय शांति प्रक्रिया की बात पर जोर दिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्ताव में कहा गया है कि अमेरिका ने ईरान के आसपास के क्षेत्र से अपनी सैन्य उपस्थिति कम करने या हटाने पर सहमति जताई है। हालांकि इसमें शामिल बलों और क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों से जुड़ी शर्तों पर आगे बातचीत की जरूरत पर बल दिया है।

अल जजीरा ने स्टेट मीडिया के हवाले से बताया कि इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यदि 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौता हो जाता है, तो इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक बाध्यकारी प्रस्ताव के रूप में औपचारिक मंजूरी दी जाएगी।

बांग्लादेश गहरे संकट से गुजर रहा, उम्मीद है ईद इससे उबरने की ताकत देगी: शेख हसीना

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ईद-उल-अजहा के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार त्योहार ऐसे समय आया है जब देश के लोग “गहरे संकट और मुश्किल दौर” से गुजर रहे हैं।

अवामी लीग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनका संदेश साझा किया। जिसमें पूर्व पीएम ने लोगों के ‘दर्द और पीड़ा’ पर अफसोस जताया।

हसीना ने कहा, ” पिछले 21 महीनों में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगातार हिंसा, हमलों और झूठे केस का सामना करना पड़ा है, जबकि कई लोग अब भी जेल में बंद हैं। सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम लोग भी भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।”

उन्होंने बच्चों की मौत, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसा, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और कमजोर होती अर्थव्यवस्था पर चिंता जताई।

आगे लिखा, “सैकड़ों बच्चे खसरे की वजह से काल की गाल में समा रहे हैं, बर्बर हिंसा का दौर जारी है और महिलाओं- बच्चियों के साथ जबरदस्ती हो रही है, कानून व्यवस्था की हालत खराब है और अर्थव्यवस्था ने देश को गर्त में डाल दिया है।”

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा “त्याग और समर्पण” का संदेश देती है और उम्मीद जताई कि यही भावना लोगों को इस कठिन समय में आगे बढ़ने की ताकत देगी।

हसीना ने कहा, “इस प्रतिकूल परिस्थिति में भी ये त्योहार हमें सच्चाई के रास्ते पर चलने और देश हित में जरूरी त्याग के लिए तत्पर रहने की ताकत देता है।”

अवामी लीग ने हाल ही में आरोप लगाया था कि पार्टी से जुड़े लोगों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं और देश के कई हिस्सों में हिंसा का माहौल बना हुआ है। पार्टी का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों के बीच असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

अवामी लीग के अनुसार जमीनी सच्चाई ये है कि कोई भी गलत काम न करने वाला शख्स जो हमारी पार्टी से जुड़ा है वो निशाने पर रहता है। हिंसा की वारदातों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

होर्मुज स्ट्रेट में दक्षिण कोरियाई जहाज पर हमले की जांच पूरी, जल्द जारी होगी र‍िपोर्ट

दक्षिण कोरिया हाल ही में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक दक्षिण कोरियाई जहाज पर हुए हमले की जांच के नतीजों का ऐलान करने वाला है। मामले की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया इस पर एक प्रेस ब्रीफिंग भी की जाएगी।

योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, चार मई को दक्षिण कोरिया की बड़ी शिपिंग कंपनी एचएमएम सीओ. की ओर से संचालित जहाज ‘एचएमएम नामू’ पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे होने के दौरान ‘दो अज्ञात हवाई वस्तुओं’ ने हमला किया था। उस समय अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चल रहा था।

इसके बाद सरकार की जांच टीम ने उन वस्तुओं से मिले इंजन के मलबे का गहराई से विश्लेषण किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमला किस तरह का था और इसके पीछे कौन जिम्मेदार था।

विदेश मंत्रालय ने पत्रकारों को भेजे गए संदेश में कहा, “एचएमएम नामू घटना की जांच के नतीजों पर शाम पांच बजे प्रेस ब्रीफिंग की जाएगी।”

मंत्रालय ने बताया पहले उप विदेश मंत्री पार्क यून-जू इस ब्रीफिंग का नेतृत्व करेंगे। इसमें रक्षा मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल होंगे। हमले के कारण जहाज पर विस्फोट और आग लग गई थी, जिसमें 24 क्रू मेंबर्स में से एक को मामूली चोट आई थी।

काफी समय से यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस हमले में एंटी-शिप मिसाइल या ड्रोन का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि एंटी-शिप मिसाइल इस्तेमाल होने की संभावना ज्यादा लगती है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या मंत्रालय आधिकारिक तौर पर हमले के जिम्मेदार पक्ष का नाम लेगा या नहीं।

इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराने का दावा किया

इजराइल ने बुधवार को दावा किया कि उसने गाजा सिटी में हवाई हमला कर हमास की सैन्य शाखा के नए प्रमुख को मार गिराया है। दो सप्ताह से भी कम समय पहले इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के पूर्व प्रमुख इज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया था। इज अल-दीन अल-हद्दाद 16 मई को मारा गया था।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज और इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार हमले में मोहम्मद ओदेह मारा गया।

मोहम्मद ओदेह नाम के एक व्यक्ति के परिजनों ने कहा कि वह हमले में मारा गया। हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि वह हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख था। हमास ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

काट्ज ने ओदेह को सात अक्टूबर 2023 के हमले का “एक प्रमुख सूत्रधार” बताया। इजराइल पर सात अक्टूबर, 2023 के हमले के बाद गाजा में युद्ध आरंभ हुआ है जो दो साल से अधिक समय से चला।

काट्ज ने कहा कि उस नरसंहार (सात अक्टूबर, 2023 के हमले) के बाद से अब तक यह चौथी बार है, जब इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख को मार गिराया है।

मंगलवार का यह हमला ईद-उल-अजहा की पूर्व संध्या पर हुआ, जिससे गाजा में त्योहार का माहौल और भी फीका पड़ गया। अधिकतर लोग पहले ही विस्थापित हो चुके हैं और तंबुओं या अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।

पिछले साल अक्टूबर में इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के बाद भी स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। युद्धविराम लागू होने के बाद से इजराइली हमलों में 880 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका दोषपूर्ण: अमेरिकी सांसद

अमेरिका में रिपब्लिकन सांसद लिंडसे ग्राहम ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका को ‘‘दोषपूर्ण’’ बताया।

ग्राहम की यह टिप्पणी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान के अब्राहम समझौते में शामिल होने के पक्ष में नहीं हैं। यह समझौता इजराइल और अरब देशों के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंध स्थापित करने से जुड़ा है।

आसिफ ने यह भी कहा कि उनका देश लंबे समय से इस रुख पर कायम है कि 1967 से पहले की सीमाओं के आधार पर पूर्वी यरुशलम को राजधानी बनाकर स्वतंत्र फलस्तीनी राष्ट्र की स्थापना होने तक वह इजराइल को मान्यता नहीं देगा।

ग्राहम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मैं साफ देख पा रहा हूं कि मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका न सिर्फ दोषपूर्ण है, बल्कि इजराइल के प्रति उसकी दुश्मनी भी पुरानी है।’’

उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस अपील पर प्रतिक्रिया दे जिसमें अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता करने वाले देशों से अब्राहम समझौते में शामिल होने के लिए कहा गया है।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img