डोंगरगढ़- विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत घुमका चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। चुनावी तैयारियों एवं जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस संगठन द्वारा छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी को घुमका नगर पंचायत चुनाव में वार्ड प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन द्वारा मिली इस जिम्मेदारी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है।
क्षेत्र में लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित कार्यों से जुड़े विष्णु लोधी को संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय एवं जनसंपर्क क्षमता के आधार पर यह जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर विष्णु लोधी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज एवं जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के अध्यक्ष विपिन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। विष्णु लोधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनसेवा, सामाजिक समरसता एवं विकास की राजनीति को प्राथमिकता देती आई है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता एवं जनता के सहयोग से कांग्रेस संगठन नगर पंचायत चुनाव में मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंच रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं जनसंपर्क के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी सोच को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।





