Last Updated:
Work From Home Electricity Saving Tips- वर्क फ्रॉम होम से बिजली बिल बढ़ने का कारण यह है कि आप सारा दिन बैठकर जब काम करते हैं तो एसी या कूलर के साथ-साथ कंप्यूटर-लैपटॉप और लाइटें दिन भर चलती हैं. इससे मीटर पूरी रफ्तार से चलता है, जिसका नतीजा भारी-भरकम बिजली बिल के रूप में आता है.

आप कुछ आसान टिप्स अपनाकर बिजली और अपने पैसे बचा सकते हैं.
नई दिल्ली. कोरोना महामारी के दौरान आया वर्क फ्रॉम होम कल्चर अब भी जारी है. हालांकि, अब कम कर्मचारी ही घर से काम कर रहे हैं. लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब कंपनियों से दोबारा इस हाइब्रिड वर्क मॉडल को अपनाने की अपील के बाद से यह फिर चर्चा में है. दिग्गज टेक कंपनी जोहो ने तो यह संकेत दिया है कि वह वर्क फ्रॉम होम को जल्द ही लागू कर सकती. वर्क फ्रॉम होम से जहां ऑफिस आने-जाने का टाइम और फ्यूल बचता है, वहीं कर्मचारी के घर का बिजली बिल पहले के मुकाबले बढ़ है. लेकिन, आप कुछ आसान टिप्स से अपनाकर बिजली और अपने पैसे बचा सकते हैं.
वर्क फ्रॉम होम से बिजली बिल बढ़ने का कारण यह है कि आप सारा दिन बैठकर जब काम करते हैं तो एसी या कूलर के साथ-साथ कंप्यूटर-लैपटॉप और लाइटें दिन भर चलती हैं. इससे मीटर पूरी रफ्तार से चलता है, जिसका नतीजा यह होता है कि महीने के आखिर तक आपका खूब सारी इलेक्ट्रिसिटी यूनिट्स खर्च कर चुके होते हो. लेकिन, आप असरदार टिप्स और स्मार्ट गैजेट्स से इसे कम भी कर सकते हैं.
क्या आपका भी एसी, लैपटॉप और वाई-फाई सारा दिन चलता है?
वर्क फ्रॉम होम के दौरान बिजली ज्यादा खपत होने का कारण एसी, लैपटॉप या कंप्यूटर वाई-फाई और लाइटों का सारा दिन चलते रहना है. ज्यादातर लोगों की आदत होती है कि वे अपने कमरे हों या न हों, बिजली के उपकरण चालू ही रहते हैं. तो बिजली बचाने का सबसे सरल तरीका यह है कि आप लैपटॉप-कंप्यूर और प्रिंटर से लेकर एसी और लाइटें तभी ही चालू करें जब आप कमरे में हों. अगर ज्यादा देर के लिए ब्रेक लेकर बाहर जा रहे हैं तो सारे उपकरण बंद कर दें.
वर्क फ्रॉम होम के दौरान बिजली खर्च बचाने की ये हैं स्मार्ट टिप्स
- 5-स्टार रेटिंग वाले उपकरण: गैजेट या AC य हमेशा BEE 5-स्टार रेटिंग वाले ही यूज करें. ये उपकरण खास तौर पर ऊर्जा बचाने के लिए डिजाइन किए जाते हैं, जो लंबे समय में आपकी बड़ी बचत कराते हैं.
- AC को 24°C पर सेट करें: वर्क फ्रॉम होम के दौरान सबसे ज्यादा बिजली की खपत एयर कंडीशनर करता है. बिजली बचाने को हमेशा एसी को 24°C पर चलाएं. यह तापमान आराम और बचत दोनों के लिए सबसे सटीक है. इससे कम तापमान करने पर बिजली का मीटर बहुत तेजी से भागता है और आपकी जेब पर भारी पड़ता है.
- फिल्टर की नियमित सफाई: AC के फिल्टर और पंखे की ब्लेड को हर कुछ महीनों में साफ करते रहें ताकि हवा का बहाव बेहतर बना रहे. धूल जमा न होने से मशीन को कम जोर लगाना पड़ता है. इससे एसी 15% तक कम बिजली खाता है.
- कुदरती हवा आने दें: सुबह के समय अपने घर की खिड़कियां और दरवाजे खोल दें ताकि ठंडी और ताजी हवा अंदर आ सके. इससे घर प्राकृतिक रूप से ठंडा हो जाएगा और आपको दोपहर तक AC चलाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.
- धूप का सही यूज : अपने काम करने की मेज को खिड़की के पास लगाएं ताकि आपको दिन भर भरपूर प्राकृतिक रोशनी मिलती रहे. इससे न केवल कमरे की लाइटें जलाने का खर्चा बचेगा, बल्कि ताजी रोशनी आपके मूड को भी अच्छा रखेगी.
- पंखे और AC की जुगलबंदी: कमरे में AC के साथ सीलिंग फैन भी चलाएं ताकि ठंडी हवा कोने-कोने तक जल्दी पहुंच सके. ऐसा करने से आप AC का तापमान थोड़ा बढ़ाकर भी बेहतरीन कूलिंग का आनंद ले सकते हैं और पैसे बचा सकते हैं.
- स्मार्ट पावर स्ट्रिप: अपने लैपटॉप, प्रिंटर और मॉनिटर जैसे सभी गैजेट्स को एक पावर स्ट्रिप से जोड़ें और काम खत्म होने पर उसे बंद कर दें. यह ‘स्टैंडबाय मोड’ में होने वाली 10% तक की फालतू बिजली खपत को रोकने का सबसे आसान तरीका है.
- चार्जर को करें अनप्लग: फोन या लैपटॉप चार्ज होने के बाद चार्जर को प्लग से बाहर निकाल देना ही समझदारी है. अगर चार्जर खाली प्लग में भी लगा रहे, तो वह ‘वैम्पायर पावर’ की तरह चुपके-चुपके बिजली पीता रहता है.
- पावर मैनेजमेंट सेटिंग्स: अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में स्लीप और हाइबरनेट मोड का सही इस्तेमाल करें ताकि ब्रेक के दौरान बिजली बर्बाद न हो. यह छोटी सी सेटिंग आपकी बैटरी लाइफ बढ़ाती है और बिजली का बिल कम करने में मदद करती है.
- LED लाइट्स करें यूज: घर के पुराने बल्बों और CFL को हटाकर उनकी जगह आधुनिक LED बल्ब लगाएं. ये बहुत कम बिजली खर्च करते हैं, कमरे को ठंडा रखते हैं और सालों-साल बिना खराब हुए आपका साथ देते हैं.
- जरूरत भर रोशनी: पूरे कमरे की बड़ी लाइटें जलाने के बजाय एक छोटी और सुंदर डेस्क लैंप का यूज करें. टास्क लाइटिंग की मदद से आप सिर्फ अपने काम की जगह पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं और फालतू बिजली बचा सकते हैं.





