राजनंदगांव: थाना घुमका पुलिस ने साइबर थाना के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। मादक पदार्थ गांजा के अवैध परिवहन को रोकते हुए 14 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
कल रात मुखबिर की टिप पर थाना घुमका और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम कलडबरी के दसवें मील चौक पर चेक पोस्ट लगाई। इसी दौरान सफेद-नीली बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (नंबर CG 13 AS 1229) पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पीठ्ठू बैग से 7 पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार आरोपी है डामेश साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी मुडपार, थाना घुमका। उसके पास से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 2 हजार रुपये कीमत की सामग्री जब्त की गई। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(b) के तहत अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल रिमांड मिला।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अति पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, अनुविभागी अधिकारी श्रीमती मंजुलता बाज, थाना प्रभारी श्री विजय मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी श्री विनय पम्मार के नेतृत्व में हुई। दोनों थानों की टीम ने शानदार काम किया है।





