Last Updated:
Bihar new CM: नई सरकार के गठन की चर्चा के बीच मंत्री विजय चौधरी ने संकेत तो दिए, लेकिन तस्वीर अब भी अधूरी रखी. उनके शब्दों के अनुसार मुख्यमंत्री कौन होगा, यह गेंद अब भारतीय जनता पार्टी के पाले में है.
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार पर विजय चौधरी का बड़ा बयान
पटना. बिहार एनडीए के भीतर सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया अब खुलकर सामने आने लगी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और नई सरकार के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सत्ता संतुलन किस ओर झुकेगा, इस पर सबकी नजर टिकी है. इसी बीच मंत्री विजय चौधरी ने साफ शब्दों में यह संकेत दिया कि बिहार में नई सरकार का गठन अब समय की बात है. उन्होंने मंत्रिमंडल को लेकर किसी भी चर्चा से इनकार करते हुए साफ किया कि फिलहाल शीर्ष स्तर पर सिर्फ नेतृत्व को लेकर मंथन चल रहा है. सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की मुलाकात को उन्होंने सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया, लेकिन यह भी जोड़ा कि जब सरकार गठन की घड़ी नजदीक हो, तो ऐसी बैठकों का महत्व बढ़ जाता है.
सम्राट पहले भी आते थे सीएम हाउस
विजय चौधरी ने सम्राट चौधरी की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात पर कहा कि यह कोई नई बात नहीं है. सम्राट पहले भी सीएम हाउस आते रहे हैं और मौजूदा दौर में जब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, तब नेताओं के बीच बातचीत स्वाभाविक है. राजनीतिक मुलाकातों को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि फिलहाल मंत्रिमंडल गठन को लेकर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई है और इसके लिए कुछ दिन इंतजार करना होगा.
मंत्रिमंडल पर अभी नहीं हुई चर्चा
नई सरकार में मंत्रिमंडल को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय चौधरी ने साफ कहा कि अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि कुछ चंद दिनों का इंतजार कीजिए. सब कुछ जल्द साफ हो जाएगा. सीएम नीतीश के इस्तीफे पर भी उन्होंने यही कहा कि जल्द सबको पता चल जाएगा कि आगे क्या होने वाला है.
सीएम फेस पर फैसला BJP के हाथ
मुख्यमंत्री के चेहरे पर पूछे गए सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि यह बीजेपी को तय करना है. उनकी अनुशंसा पर ही एनडीए के विधायक दल में नेता चुना जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा वही मुख्यमंत्री होगा. इसमें बीजेपी की अहम भूमिका रहेगी. विजय चौधरी ने कहा कि बीजेपी अनुशंसा करेगी तब ही किसी नाम पर मोहर लगेगी. अभी इंतजार कीजिए, तस्वीर बहुत जल्द साफ होगी.
जल्द साफ होगी सियासी तस्वीर
विजय चौधरी के बयान से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन अब लगभग तय दिशा में बढ़ रहा है, लेकिन अंतिम मुहर अभी बाकी है. भारतीय जनता पार्टी की भूमिका निर्णायक है, अब यह भी स्पष्ट है. ऐसे में यह भी साफ है कि एनडीए के भीतर शक्ति संतुलन में बदलाव संभव है. आने वाले कुछ दिन न सिर्फ नए मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे, बल्कि बिहार की राजनीति की नई दिशा भी निर्धारित करेंगे
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें





