कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि हिमंत विश्व शर्मा को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पूछ रहे हैं ‘‘कौन है खड़गे?’’ और “पागल” जैसे अपमानित करने वाले शब्द का उपयोग करना यह दिखाता है कि वह कितने हताश और परेशान हैं।’’
वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘हमारे देश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक, जो सबसे साधारण पृष्ठभूमि से भी आते हैं, का अपमान करने के लिए हिमंत को इस निंदनीय आचरण के लिए माफी मांगनी चाहिए।’’ उन्होंने दावा किया कि गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से शर्मा बहुत परेशान हैं और नफरत फैलाने के लिए सबसे निम्न स्तर की भाषा का इस्तेमाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘यह वह मानसिकता है जिसे हम अस्वीकार करते हैं और हम उनसे इस बयान के लिए बिना शर्त माफी की मांग करते हैं।’’





