Exclusive: अब महंगे होंगे iPhone! ऐपल ने अचानक खत्म किया बड़ा फायदा, जेब पर कितना पड़ेगा असर?


ऐपल के आईफोन खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए एक अहम खबर है. भारत में पुराने आईफोन मॉडल अब पहले से महंगे हो सकते हैं. खासकर आईफोन 16 और आईफोन 15 जैसे पॉपुलर मॉडल की कीमत करीब ₹5,000 तक बढ़ सकती है. इसकी वजह ऐपल का एक बड़ा फैसला है, जिसमें कंपनी अपने ‘डिमांड जेनरेशन (DG) सपोर्ट’ को खत्म कर रही है. यह सपोर्ट रिटेलर्स और डीलर्स को दिया जाता था, जिससे वे ग्राहकों को बिना MRP बदले अच्छा डिस्काउंट दे पाते थे. अब यह फायदा हटने से ग्राहकों को सीधा ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.

दरअसल, DG सपोर्ट एक तरह का बैकएंड डिस्काउंट होता है. इसका फायदा यह था कि दुकानदार आईफोन को सस्ता बेच सकते थे, जबकि कंपनी की आधिकारिक कीमत वही रहती थी. इससे ग्राहकों को बेहतर डील मिलती थी और पुराने मॉडल ज्यादा आकर्षक बन जाते थे.
पहले खत्म कर चुका है कैशबैक
ऐपल ने इससे पहले भी कैशबैक ऑफर्स को कम कर दिया था. पहले जहां ₹6,000 तक का कैशबैक मिलता था, अब वह घटकर सिर्फ ₹1,000 रह गया है. ऐसे में DG सपोर्ट हटने से कीमतों पर और दबाव बढ़ गया है.

इस बदलाव का असर तुरंत देखने को मिल सकता है. कई रिटेलर्स का कहना है कि पुराने स्टॉक खत्म होने से पहले ही कीमतें बढ़ सकती हैं. यानी अगर आप आईफोन 15 या आईफोन 16 खरीदने की सोच रहे हैं, तो अभी का समय बेहतर हो सकता है.

नई सीरीज़ पर भी असर?
हालांकि, यह बदलाव नए आईफोन 17 सीरीज पर लागू नहीं होगा. इसका असर सिर्फ पुराने और मौजूदा मॉडल्स पर ही पड़ेगा. फिर भी, एक्सपर्ट्स मानते हैं कि मांग पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. भारत में ज्यादातर लोग स्मार्टफोन EMI पर खरीदते हैं, जिससे कीमत बढ़ने का असर थोड़ा कम महसूस होता है.

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पूरी स्मार्टफोन इंडस्ट्री में कीमतें बढ़ रही हैं. Samsung, Vivo, Xiaomi और Realme जैसे ब्रांड्स भी पिछले कुछ महीनों से अपने फोन महंगे कर रहे हैं.

क्या है कीमत बढ़ने की वजह
इसकी सबसे बड़ी वजह है कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमत, खासकर मेमोरी और स्टोरेज. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और सप्लाई की दिक्कतें भी कीमत बढ़ने का कारण बन रही हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2026 में भारत का स्मार्टफोन मार्केट थोड़ा कमजोर रह सकता है और कुल बिक्री में 12-15% तक गिरावट आ सकती है.

अगर आप पुराने आईफोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो जल्दी फैसला लेना बेहतर हो सकता है, क्योंकि आने वाले दिनों में ये डिवाइस और महंगे हो सकते हैं.

ऐपल ने क्या कहा?
बता दें कि ऐपल इंडिया ने इस पूरे मामले पर Moneycontrol के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है. यानी DG सपोर्ट हटाने, डिस्काउंट कम होने या iPhone की कीमत बढ़ने जैसे मुद्दों पर कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

इसका सीधा मतलब है कि खबर में दी गई जानकारी फिलहाल इंडस्ट्री सोर्सेज और रिटेलर्स के आधार पर है, लेकिन ऐपल ने खुद इसकी पुष्टि या खंडन नहीं किया है.



Source link

Nemish Agrawal
Nemish Agrawalhttps://tv1indianews.in
Tv Journalist • Editor • Writer Digital Creator • Photographer Travel Vlogger • Web-App Developer IT Cell • Social Worker

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img