डोंगरगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत ग्रामीण मंडल डोंगरगढ़ में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की प्रथम बैठक उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में जिला मंत्री जैन कुमार मेश्राम, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनिल सिन्हा, ग्रामीण मंडल युवा मोर्चा महामंत्री महेंद्र त्रिपाठी सहित मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी अलंकृत शर्मा ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवा साथियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़ने का आह्वान करते हुए बताया कि यह मंच संगठनात्मक प्रशिक्षण, वैचारिक सुदृढ़ता एवं आधुनिक कार्यपद्धति को प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। मंडल प्रभारी अलंकृत शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान ऐप पर पंजीयन एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया, जिससे कार्यकर्ताओं ने सरलता से प्लेटफॉर्म को समझा और उसमें पंजीयन किया।
बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि ग्रामीण मंडल की पहली बैठक में ही 30 से अधिक कार्यकर्ताओं का सफलतापूर्वक पंजीयन किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने का संकल्प लिया।




