वॉट्सऐप ने भारत में Bill Payments फीचर लॉन्च कर दिया है. अब यूजर्स ऐप छोड़े बिना बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस और लोन समेत कई तरह के बिल देख और पे कर सकेंगे. वॉट्सऐप ने 2 सितंबर 2026 से भारत में बिल पेमेंट्स सुविधा शुरू कर दी है. यह फीचर Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क के जरिए काम करेगा और यूजर्स को 30 कैटेगरी में 22,722 बिलर्स तक पहुंच देगा.
इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने पुराने और आने वाले बिल देख सकेंगे, एक से ज्यादा अकाउंट मैनेज कर सकेंगे और अपनी पसंद के पेमेंट तरीके से बिल का भुगतान कर सकेंगे. यह सुविधा फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट की जा रही है और आने वाले हफ्तों में Android और iOS यूजर्स तक पहुंचेगी.
वॉट्सऐप पर ऐसे भर सकेंगे बिल
Bill Payments का इस्तेमाल करने के लिए वॉट्सऐप की होम स्क्रीन के ऊपर दिखाई देने वाले ₹ आइकन पर टैप करना होगा. इसके बाद अपनी बिल कैटेगरी और बिलर को चुनकर अकाउंट की जानकारी डालनी होगी.
वॉट्सऐप संबंधित बिल की रकम और दूसरी जरूरी जानकारी अपने आप दिखाएगा. इसके बाद यूजर UPI, Debit Card या Credit Card में से किसी भी तरीके को चुनकर पेमेंट कर सकता है.
वॉट्सऐप पर पहले जिन बिलर्स को पेमेंट किया गया है, वे Payments Home में दिखाई देंगे, जिससे अगली बार बिल भरना और आसान हो जाएगा. घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग बिल भी एक ही जगह मैनेज किए जा सकेंगे.
बिजली, गैस, पानी समेत कई बिल भर सकेंगे
वॉट्सऐप की नई सुविधा में इलेक्ट्रिसिटी, गैस, वाटर, FASTag, Insurance, Credit Card और Loan Repayments जैसी कई सेवाएं शामिल हैं. सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाने वाली बिल कैटेगरी Payments Home पर अपने आप दिखाई देंगी, जबकि ‘See All’ पर जाकर बाकी कैटेगरी भी देखी जा सकेंगी.
वॉट्सऐप में जुड़ी एक और जरूरी सुविधा
वॉट्सऐप पहले से ही फोन रिचार्ज, मेट्रो टिकट बुकिंग और सरकारी चैटबॉट्स के जरिए कई सिटिज़न सर्विसेज उपलब्ध कराता है. बिल पेमेंट्स, जुड़ने के बाद यूजर्स के रोजमर्रा के कई जरूरी काम एक ही ऐप से पूरे हो सकेंगे.
कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा का मकसद बिल पेमेंट को उतना ही आसान बनाना है जितना वॉट्सऐप पर मैसेज भेजना. इसका रोलआउट धीरे-धीरे पूरे भारत में किया जा रहा है और जल्द ही सभी Android और iOS यूजर्स को यह फीचर मिल सकता है.




