Last Updated:
Lychee Health Benefits: लीची गर्मियों का फल है, जिसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और पानी की भरपूर मात्रा पाई जाती है. लीची का स्वाद सभी लोगों को खूब पसंद आता है. लीची खाने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और दिल की सेहत में सुधार होता है. लीची खाते समय लापरवाही सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है. कच्ची लीची या खाली पेट ज्यादा मात्रा में लीची खाना कुछ मामलों में नुकसानदायक हो सकता है. लीची के बीज भी खाने लायक नहीं होते हैं.
लीची को सेहत के लिए सुपर फ्रूट माना जाता है, क्योंकि इसमें पोषक तत्वों का बड़ा भंडार है.
Lychee Nutrition Secrets: गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में मीठी और रसीली लीची की बहार दिखाई देने लगती है. बिहार के मुजफ्फरपुर को लीची कैपिटल कहा जाता है. स्वाद में बेहद खास यह फल सिर्फ खाने में ही स्वादिष्ट नहीं होता, बल्कि पोषण के मामले में भी कई फलों से अलग माना जाता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार लीची में कुछ ऐसे खास पौधों से मिलने वाले कंपाउंड्स और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो इसे एक यूनिक सुपरफ्रूट बनाते हैं. यही वजह है कि यह फल इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर त्वचा और दिल की सेहत तक के लिए फायदेमंद माना जाता है. लीची का स्वाद अन्य फलों से बिल्कुल अलग माना जाता है. इसमें हल्की गुलाब जैसी खुशबू और मीठा फ्लोरल फ्लेवर होता है, जो इसे आम, अंगूर या सेब जैसे फलों से अलग बनाता है. यही कारण है कि लीची का इस्तेमाल जूस, डेजर्ट, आइसक्रीम और ड्रिंक्स में भी खूब किया जाता है.
दिल्ली के PSRI हॉस्पिटल की क्लीनिकल डाइटिशियन पूनम दुनेजा ने News18 को बताया लीची विटामिन C का बेहतरीन सोर्स है. 100 ग्राम लीची में करीब 70 मिलीग्राम से ज्यादा विटामिन C पाया जा सकता है. यह शरीर की इम्यूनिटी मजबूत करने, त्वचा को हेल्दी रखने और कोलेजन बनाने में मदद करता है. एक सामान्य व्यक्ति की रोजाना विटामिन C की जरूरत कुछ लीचियां खाने से काफी हद तक पूरी हो सकती है. लीची को खास बनाने वाली चीज इसके पॉलीफेनॉल और एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड्स हैं. इसमें एपिकैटेचिन और रूटिन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकते हैं. लीची में अन्य कई सामान्य फलों की तुलना में ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट पॉलीफेनॉल पाए जाते हैं. यही कारण है कि इसे हार्ट हेल्थ और सूजन कम करने के लिए फायदेमंद माना जाता है.
एक्सपर्ट ने बताया कि गर्मियों में लीची खाने से शरीर को हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद मिल सकती है. यह फल लगभग 80 प्रतिशत से ज्यादा पानी से बना होता है, इसलिए इसे गर्म मौसम का परफेक्ट फ्रूट माना जाता है. साथ ही इसमें पोटैशियम और कॉपर जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो शरीर के कई जरूरी कार्यों में मदद करते हैं. सीमित मात्रा में लीची खाना शरीर को एनर्जी देने में भी मदद कर सकता है. लीची जितनी फायदेमंद है, उतना ही जरूरी इसे सही तरीके से खाना भी है. कच्ची लीची या खाली पेट ज्यादा मात्रा में लीची खाना नुकसानदायक हो सकता है. खासकर बच्चों को हमेशा पकी हुई लीची खानी चाहिए. लीची के बीज भी खाने लायक नहीं होते हैं. इसलिए हमेशा पकी हुई लीची सीमित मात्रा में खानी चाहिए.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





