वॉट्सऐप अपने कॉलिंग एक्सपीरियंस को पहले से बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स ला रहा है. कंपनी ने एक साथ 5 नए कॉलिंग फीचर्स का ऐलान किया है, जिनकी मदद से ऑडियो और वीडियो कॉल करना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा. इनमें सबसे खास फीचर यह है कि अब यूजर्स बिना कोई ऐप डाउनलोड किए वॉट्सऐप Web से भी ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे.
ये सभी फीचर्स धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी किए जा रहे हैं.
-अब वॉट्सऐप Web से भी कर सकेंगे कॉल
अब तक वॉट्सऐप Web पर सिर्फ चैट की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब आप ब्राउज़र से ही ऑडियो और वीडियो कॉल भी कर पाएंगे.
इसके लिए अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी. चाहे आप कॉलेज के कंप्यूटर पर हों, ऑफिस के लैपटॉप पर हों या किसी भी ब्राउज़र का इस्तेमाल कर रहे हों, सीधे वॉट्सऐप Web से कॉल कर सकेंगे.
यहां आपको वन-टू-वन और ग्रुप कॉल, स्क्रीन शेयरिंग, रिएक्शन, कॉल हिस्ट्री और फेवरेट कॉन्टैक्ट्स जैसे फीचर्स भी मिलेंगे.
-कॉल के बीच में बदल सकेंगे डिवाइस
वॉट्सऐप अब ऐसा फीचर भी ला रहा है, जिससे चल रही कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर आसानी से ट्रांसफर किया जा सकेगा.
मान लीजिए आपने मोबाइल पर ग्रुप कॉल शुरू की है. घर पहुंचने के बाद आप उसी कॉल को बिना काटे अपने लैपटॉप या डेस्कटॉप पर जारी रख सकेंगे.
-ग्रुप कॉल में मिलेगा Waiting Room फीचर
अब ग्रुप कॉल में कौन और कब जुड़ेगा, इसका कंट्रोल भी आपके हाथ में होगा. अगर आप कॉल लिंक बनाते समय ‘Require approval to join’ विकल्प चालू करते हैं, तो जो भी व्यक्ति लिंक से जुड़ेगा, वह पहले Waiting Room में रहेगा. आपकी मंजूरी मिलने के बाद ही वह कॉल में शामिल हो सकेगा.
-कॉल शुरू होते ही मिलेगा HD वीडियो
वॉट्सऐप ने वीडियो कॉल की क्वालिटी भी बेहतर की है. अब Quick HD फीचर की मदद से कॉल शुरू होने के कुछ ही सेकंड में HD वीडियो क्वालिटी मिल जाएगी. पहले बेहतर क्वालिटी आने में थोड़ा समय लगता था.
-शोर में भी साफ सुनाई देगी आपकी आवाज
अगर आप किसी भीड़भाड़ वाली जगह या शोर वाले माहौल में कॉल कर रहे हैं, तो नया Noise Suppression फीचर काफी काम आएगा.
यह आपके आसपास की आवाज को कम करके सामने वाले तक आपकी आवाज ज्यादा साफ पहुंचाएगा. जरूरत पड़ने पर इसे कॉल के दौरान सेटिंग्स में जाकर ऑन या ऑफ भी किया जा सकेगा.
धीरे-धीरे मिलेंगे सभी फीचर्स
वॉट्सऐप ने बताया है कि ये सभी नए फीचर्स एक साथ सभी यूजर्स को नहीं मिलेंगे. इन्हें फेज़ में रोलआउट किया जा रहा है. इसलिए अगर आपके वॉट्सऐप में अभी ये फीचर्स नहीं दिख रहे हैं, तो आने वाले अपडेट में मिल सकते हैं.




