ऐपल ने अपनी लीडरशिप में बड़ा बदलाव किया है. 1 सितंबर 2026 से John Ternus ने कंपनी के CEO का पद संभाल लिया है. इसके साथ ही टिम कुक का करीब 15 साल लंबा CEO कार्यकाल खत्म हो गया. Ternus मॉर्डन दौर में Steve Jobs और Tim Cook के बाद ऐपल का नेतृत्व करने वाले तीसरे CEO बन गए हैं.
Tim Cook की पहचान जहां ऑपरेशंस और सप्लाई चेन मैनेजमेंट के लिए रही है, वहीं जॉन टर्नस का पूरा करियर ऐपल के हार्डवेयर और इंजीनियरिंग से जुड़ा रहा है. ऐसे में उनकी नियुक्ति को ऐपल के प्रोडक्ट और इंजीनियरिंग पर ज्यादा फोकस के हिंट के तौर पर देखा जा रहा है.
इंजीनियरिंग से ऐपल CEO तक का सफर
John Patrick Ternus ने University of Pennsylvania से मेकैनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और 1997 में ग्रेजुएशन पूरा किया. ऐपल में शामिल होने से पहले उन्होंने वर्चुअल रिसर्च सिस्टम में काम किया, जहां वह वर्चुअल रिएलिटी हार्डवेयर और डिस्प्ले टेक्नोलॉजी पर काम करते थे.
इसके बाद साल 2001 में उन्होंने ऐपल की प्रोडक्ट डिज़ाइन टीम जॉइन की. शुरुआत में उन्होंने ऐपल सिनेमा डिस्प्ले पर काम किया और धीरे-धीरे कंपनी में इंजीनियरिंग की बड़ी जिम्मेदारियां संभालते गए.
25 साल में ऐपल में बनाई मजबूत पहचान
ऐपल में करीब 25 साल के दौरान टर्नस ने कई अहम पदों पर काम किया. उन्होंने iMac की हार्डवेयर इंजीनियरिंग का नेतृत्व किया और बाद में हार्डवेयर इंज के वाइस प्रेसिडेंट बने.
इसके बाद उन्होंने आईफोन हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रोग्राम की जिम्मेदारी संभाली. 2021 में उन्हें सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ हार्डवेयर इंजीनियरिंग बनाया गया. इस रोल में वह iPhone, iPad और Mac जैसे ऐपल के प्रमुख प्रोडक्ट्स से जुड़े हार्डवेयर डेवलपमेंट की देखरेख कर रहे थे.
इन ऐपल प्रोडक्ट्स में रहा योगदान
टर्नस की टीम ने iPhone, iPad, Mac, ऐपल Watch, AirPods और ऐपल Vision Pro समेत कई प्रोडक्ट्स की अलग-अलग पीढ़ियों पर काम किया है.
वह ऐपल के इंटेल प्रोसेसर से ऐपल सिलिकॉन पर ट्रांजिशन में भी शामिल रहे, जिसे कंपनी के हालिया इतिहास के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी बदलावों में गिना जाता है. हाल के समय में उनकी टीम ने नए डिजाइन वाले iPhone 17 सीरीज, iPhone Air और MacBook Neo पर भी काम किया है.
Tim Cook ने की थी तारीफ
CEO पद से हटने की घोषणा के समय टिम कुक ने जॉन टर्नस की तारीफ करते हुए उन्हें इंजीनियर की सोच, इनोवेटर की सोच और ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने वाला व्यक्ति बताया था. ऐपल के बोर्ड ने भी उनके अनुभव पर भरोसा जताया है.
अब ऐपल के सामने बड़ी चुनौती AI
जॉन टर्नस का पहला बड़ा पब्लिक प्रोग्राम 9 सितंबर के ऐपल हार्डवेयर इवेंट में हो सकता है. इस इवेंट में iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone पेश किए जाने की उम्मीद है.
हालांकि, नए हार्डवेयर के अलावा टर्नस के सामने AI भी बड़ी चुनौती होगी. ऐपल इंटेलिजेंस को बेहतर बनाना, Siri को मजबूत करना और AI की रणनीति को आगे बढ़ाना उनके शुरुआती कार्यकाल के अहम कामों में शामिल हो सकता है. ऐसे में आने वाले सालों में ये देखना दिलचस्प होगा कि इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाला नया CEO ऐपल की अगली दिशा किस तरह तय करता है.




